BREAKING NEWS
2026-07-31

इंदौर की अजय बाग कॉलोनी में दो माह से दूषित पानी, निवासी परेशान

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, इंदौर।

इंदौर के मूसाखेड़ी क्षेत्र की अजय बाग कॉलोनी के रहवासी पिछले दो माह से दूषित पेयजल की समस्या का सामना कर रहे हैं। रहवासियों का कहना है कि नर्मदा जल सप्लाई वाले दिन नलों से शुरुआती 15 से 20 मिनट तक काला और बदबूदार पानी निकलता है। पानी से सीवेज जैसी दुर्गंध आती है, जिसके कारण लोग इसे घरेलू उपयोग में लेने से भी डर रहे हैं। उनका कहना है कि दूषित पानी के कारण बीमारी फैलने की आशंका बनी हुई है और कई लोग बीमार भी हो चुके हैं।

Advertisement

पानी खरीदने को मजबूर परिवार

कॉलोनी के अधिकांश परिवार पीने के पानी के लिए नर्मदा जल सप्लाई पर निर्भर हैं। हालांकि कुछ घरों में बोरिंग की सुविधा है, लेकिन दूषित पानी आने से कई परिवारों को बाजार से पानी खरीदना पड़ रहा है।

शिकायतों पर कार्रवाई का अभाव

रहवासियों ने सीएम हेल्पलाइन और नगर निगम के 311 एप पर भी शिकायत दर्ज कराई थी। उनका आरोप है कि बिना समाधान किए शिकायतों का निराकरण दिखा दिया गया। रहवासियों के अनुसार, इस समस्या की शिकायत दो माह पहले जोनल कार्यालय में भी की गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। जांच के लिए निगम के कर्मचारी पहुंचे, मगर इसके बाद दोबारा नहीं आए।

पुरानी पाइपलाइन पर आशंका

लोगों ने आशंका जताई है कि भागीरथपुरा की तरह अजय बाग में भी जल वितरण लाइन में सीवरेज का पानी मिल रहा है। उनका कहना है कि पाइपलाइन काफी पुरानी है और निर्माण कार्यों के दौरान कई बार खुदाई होने से भी समस्या बढ़ी हो सकती है। रहवासियों ने नगर निगम से स्थायी समाधान की मांग की है। वहीं, जलकार्य प्रभारी अभिषेक शर्मा ने शिकायत की जांच कराने की बात कही है।