बुलंद सोच, इंदौर।
इंदौर के तिलक नगर थाना क्षेत्र में यात्रियों से भरी एक बस ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार, यह घटना पिपल्याहाना चौराहा की है। मूसाखेड़ी निवासी 24 वर्षीय राजा की इस हादसे में मौत हुई है। बस का पहिया उसके शरीर पर चढ़ जाने से राजा की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई थी।
मृतक राजा के साथ मौजूद उसके दोस्त अमन को भी गंभीर चोटें आई हैं और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
राजा के परिजनों ने बताया कि वह वाहन चलाता था। बुधवार रात उसके पिता भरत ने उसे शराब लाने भेजा था, जिसके लिए वह अपने दोस्त अमन के साथ पिपल्याहाना की ओर गया था।
वापस लौटते समय राधिका ट्रेवल्स की बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। यह बस यात्रियों से खचाखच भरी हुई थी।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने बस में सवार यात्रियों को नीचे उतारा और बस को जब्त कर थाने ले गई। बस चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया गया है।
इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया था।

