बुलंद सोच, इंदौर।
इंदौर के परदेसीपुरा थाना क्षेत्र में एक मां और उसके बेटे ने कथित तौर पर जहर खाकर आत्महत्या कर ली। इस मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
एडिशनल डीसीपी अमरेंद्र सिंह ने बताया कि यह घटना परदेसीपुरा थाना क्षेत्र से संबंधित है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतका इंदिरा के पति का निधन कई वर्ष पहले हो चुका था।
पति के निधन के बाद इंदिरा अपनी बहन और भतीजे शिवम के साथ रह रही थीं। उनका पूरा खर्च उनकी बहन का परिवार ही वहन करता था। उनका बेटा संजय भी कोई काम नहीं करता था।
मंगलवार को भतीजे शिवम को यह सूचना मिली कि उसकी मौसी इंदिरा और भाई संजय घर से लगभग 100 मीटर दूर एक बगीचे में गंभीर हालत में पड़े हुए हैं। इसके उपरांत परिजन दोनों को तत्काल एमवाय अस्पताल ले गए।
एमवाय अस्पताल में उपचार के दौरान दोनों की मृत्यु हो गई। पुलिस की प्रारंभिक जांच में आर्थिक तंगी को आत्महत्या का संभावित कारण माना जा रहा है।
हालांकि, पुलिस इस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है और परिजनों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि मां इंदिरा और बेटे संजय दोनों का इंदौर के बाणगंगा अस्पताल में मानसिक रोग का उपचार चल रहा था। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद दोनों इंदिरा की बहन और भतीजे के साथ ही रह रहे थे।
वर्तमान में पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा।

