BREAKING NEWS
2026-07-29

बेटे की चाहत में पीडब्ल्यूडी इंजीनियर आरती यादव की कथित हत्या, पति-सास-ससुर पर साजिश का आरोप

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, इंदौर।

लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की इंजीनियर आरती यादव की मौत का मामला गरमा गया है। आरती के भाई उपेंद्र जरिया ने आरोप लगाया है कि उनकी बहन को नींद की गोलियां खिलाने के बाद फांसी पर लटकाया गया था। उपेंद्र ने आरती के सास-ससुर पर भी इस साजिश में शामिल होने का आरोप लगाते हुए केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से जांच की मांग की है। फांसी लगाने के कारण आरती को शुक्रवार दोपहर एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शनिवार को उन्होंने एक निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया। उपेंद्र के अनुसार, आरती के पति निलेश के कई महिलाओं से संबंध थे। निलेश की दो बेटियां हैं और उसे एक बेटे की चाहत थी। शासकीय कर्मचारी होने के कारण तीसरी संतान करना संभव नहीं था, जिसके चलते वह दूसरी शादी करना चाहता था। इस प्रताड़ना के कारण आरती अभिनंदन नगर स्थित अपने मायके में रहने आ गई थीं। आठ दिन पहले ही शासकीय क्वार्टर तैयार करवाया गया और आरती को एक साजिश के तहत वहां बुलाया गया। इस साजिश में आरती के ससुर केशवसिंह यादव और सास रमणी भी शामिल थे, जो बेटे की चाहत पूरी न होने पर निलेश की दूसरी शादी करवाना चाहते थे। उपेंद्र ने बताया कि आरती को अस्पताल में भर्ती करवाने पर निलेश अपने भाई कमलेश के साथ वहां आया था। निलेश ने स्वयं बताया था कि आरती ने नींद की गोलियां खाई थीं। रविवार को शव का पोस्टमार्टम होने के बाद भाई उपेंद्र शव लेकर गए और मालवा मिल मुक्तिधाम पर अंतिम संस्कार किया गया। आरती की बेटियों यशी और अवनिका ने मुखाग्नि दी।

Advertisement

तपेश्वरी बाग में अधजली लाश की गुत्थी

तपेश्वरी बाग (खजराना) में मिली अधजली लाश की गुत्थी अभी तक सुलझी नहीं है। पुलिस इस मामले में हत्या, आत्महत्या और हादसे के बिंदुओं पर जांच कर रही है। घर से एक मोबाइल फोन और कुछ अन्य सामान जब्त किया गया है। टिमरनी (हरदा) निवासी 26 वर्षीय पलक आईसीआईसीआई बैंक में नौकरी करती थीं। पलक का शव रसोई में अधजली अवस्था में मिला था। वह पिछले चार साल से अकेली रह रही थीं। रविवार को उनके पिता राधेश्याम इंदौर पहुंचे और शव का पोस्टमार्टम करवाया। पुलिस के अनुसार, अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है और आत्महत्या, हत्या तथा हादसे के सभी बिंदुओं पर जांच जारी है। रसोई में सब्जी कटी हुई मिली थी और गैस चूल्हे का बर्नर निकला हुआ था। गैस का रिसाव भी हुआ था। पुलिस ने पलक के घर से मोबाइल जब्त कर लिया है।

धार जिले में बस पर पथराव

इंदौर से अहमदाबाद जा रही एक स्लीपर बस पर धार जिले में बदमाशों ने पथराव किया। ड्राइवर की सूझबूझ से एक बड़ी वारदात टल गई।