बुलंद सोच, इंदौर।
इंदौर में ऑर्बिट मॉल के पास गाड़ी टकराने की बात को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर चाकू से हमला किया गया।
पुलिस के अनुसार, प्रशांत खिलची किसी निजी काम से जा रहे थे। इसी दौरान ऑर्बिट मॉल के पास स्थित एक वाइन शॉप के सामने उनकी गाड़ी टकराने की बात को लेकर कुछ युवकों से कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर एक युवक ने धारदार चाकू निकालकर प्रशांत पर कई वार किए।
गंभीर रूप से घायल प्रशांत को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल के बयान के आधार पर हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया।
इसके बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर मुख्य आरोपी कुणाल उर्फ भीम, लोकेश, हिमेश, रितेश और दीपक को गिरफ्तार कर लिया गया।
सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाल रही है और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कह रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि पूरा विवाद गाड़ी टकराने की बात को लेकर शुरू हुआ था। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है।
