BREAKING NEWS
2026-07-28

इंदौर में कार चालक ने आरआर कैट का इलेक्ट्रॉनिक बूम बैरियर तोड़ा, FIR दर्ज

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, इंदौर।

इंदौर के राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र स्थित आरआर कैट के मुख्य प्रवेश द्वार पर रविवार देर रात एक कार चालक ने इलेक्ट्रॉनिक बूम बैरियर तोड़कर परिसर में जबरन प्रवेश किया। इस घटना में शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचा। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया है।

Advertisement

आरोपी पर मामला दर्ज

राजेंद्र नगर पुलिस ने आरआर कैट निवासी वसंत कुमार कुमरे की शिकायत पर कार क्रमांक एमपी-09/सीएस-8622 के चालक जफर मंसूरी निवासी ग्रीन पार्क कॉलोनी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। उस पर शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस जांच और घटनाक्रम

पुलिस के अनुसार, रविवार रात करीब 12:30 बजे कैट चौराहे पर वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस जांच से बचने के प्रयास में जफर मंसूरी अपनी कार लेकर सीधे आरआर कैट परिसर की ओर पहुंचा। उसने मुख्य प्रवेश द्वार पर लगे इलेक्ट्रॉनिक बूम बैरियर को तोड़ते हुए अंदर प्रवेश कर लिया। बैरियर टूटने से शासकीय संपत्ति को नुकसान हुआ। घटना के बाद आरआर कैट के सुरक्षा गार्ड कार के पीछे दौड़े। कुछ दूरी पर चालक ने वाहन रोक दिया, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया।

मानसिक स्थिति का खुलासा

थाने में पूछताछ के दौरान जफर मंसूरी पुलिस के सवालों का संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। इसके बाद पुलिस ने उसके मोबाइल से परिवार से संपर्क किया। परिजनों ने बताया कि जफर की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और उसका उपचार चल रहा है। इसी कारण परिवार उसे कोई काम भी नहीं करने देता। परिजनों ने उपचार संबंधी दस्तावेज भी पुलिस को उपलब्ध कराए।

टीआई ने परिजनों को फटकारा

राजेंद्र नगर टीआई यशवंत बड़ोले ने परिजनों को फटकार लगाते हुए कहा कि यदि किसी व्यक्ति की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है तो उसे देर रात वाहन चलाने के लिए नहीं छोड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि इससे बड़ा हादसा भी हो सकता था। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने के मामले में एफआईआर दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।