BREAKING NEWS
2026-07-28

दमोह: 15 फीट गहरे गड्ढे में डूबने से दो बच्चों की मौत

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, दमोह।

दमोह जिले के रजपुरा थाना क्षेत्र के सेमरा गांव में पानी से भरे लगभग 15 फीट गहरे गड्ढे में डूबने से दो बच्चों की मृत्यु हो गई।

Advertisement

मृतकों की पहचान 10 वर्षीय सोनू यादव, पिता लखन यादव, और 11 वर्षीय भविष्य यादव, पिता संजू यादव, के रूप में हुई है। सोनू कक्षा पांचवीं और भविष्य कक्षा छठवीं का छात्र था।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि गांव के एक युवक द्वारा पेट्रोल पंप निर्माण के लिए करीब दो वर्ष पहले यह गड्ढा खुदवाया गया था, जिसे खुला छोड़ दिया गया।

स्वजनों और ग्रामीणों के अनुसार, सेमरा गांव में हीरालाल यादव की जमीन पर रजपुरा निवासी कनछेदी जैन द्वारा पेट्रोल पंप खोलने के उद्देश्य से लगभग दो वर्ष पहले एक बड़ा गड्ढा खुदवाया गया था। बारिश के कारण यह गड्ढा पूरी तरह पानी से भर गया था।

ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार गड्ढा भरवाने या सुरक्षा व्यवस्था करने की मांग की थी, क्योंकि यह स्कूल के सामने स्थित था और बच्चों के लिए खतरा बना हुआ था, लेकिन इस ओर ध्यान नहीं दिया गया।

सोमवार दोपहर दोनों बच्चे अन्य बच्चों के साथ खेल रहे थे, इसी दौरान वे पानी से भरे गड्ढे में गिर गए और डूबने लगे। साथ मौजूद बच्चों ने शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे।

ग्रामीणों ने गड्ढे में उतरकर दोनों बच्चों को बाहर निकाला और तत्काल हटा सिविल अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए हटा सिविल अस्पताल लाए गए।

घटना की सूचना मिलते ही रजपुरा थाना पुलिस और हटा एसडीओपी कृष्णपाल सिंह सिविल अस्पताल पहुंचे तथा स्वजनों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

रजपुरा थाना प्रभारी शिवनारायण यादव ने बताया कि प्रथम दृष्टया जानकारी के अनुसार, संबंधित गड्ढा पेट्रोल पंप निर्माण के लिए खुदवाया गया था। अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच और नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने यह भी बताया कि स्वजनों द्वारा लगाए गए सभी आरोपों की जांच कर तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद गांव में शोक की लहर है, जबकि स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।