बुलंद सोच, इंदौर।
इंदौर में सोमवार को मिलावट और संदिग्ध घी की आशंका में खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने दो प्रतिष्ठानों से कुल 2165 किलोग्राम घी जब्त किया। इस दौरान एक प्रतिष्ठान बिना लाइसेंस संचालित होते पाया गया, जिसे तत्काल बंद कराया गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने सुदामा नगर स्थित मेसर्स श्री इंटरप्राइजेज पर छापा मारा। जांच में सामने आया कि यह प्रतिष्ठान बिना वैध खाद्य लाइसेंस के संचालित हो रहा था। कार्रवाई के दौरान इसे तत्काल बंद कराया गया। यहां से विभिन्न ब्रांडों के घी के आठ नमूने लिए गए और 1,115.4 किलोग्राम संदिग्ध घी जब्त किया गया।
इसी तरह, तालावली चांदा स्थित डुग्गू एंटरप्राइजेज में गुजरात से लाए गए विभिन्न ब्रांडों के घी की जांच की गई। यहां से 14 नमूने लिए गए तथा 1,050 किलोग्राम घी जांच रिपोर्ट आने तक जब्त कर लिया गया।
सोमवार को कुल चार प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा विभिन्न खाद्य पदार्थों के 31 नमूने लेकर जांच के लिए भोपाल भेजे गए। इनमें किशनलाल मायाराम प्राइवेट लिमिटेड से दूध, मावा, पनीर, घी और मिठाइयों के छह नमूने तथा सतगुरु मिल्क प्रोडक्ट से दूध और पनीर के तीन नमूने शामिल हैं।
कलेक्टर शिवम वर्मा ने बताया कि जिले में शुद्ध खाद्य पदार्थों को लेकर जांच अभियान लगातार चलाया जा रहा है। संदिग्ध सामग्री मिलने पर उसे जब्त किया जा रहा है। जांच रिपोर्ट में गड़बड़ी पाए जाने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
अवैध गैस सिलेंडर पर कार्रवाई
जिले में अवैध गैस सिलेंडर के भंडारण और रिफिलिंग को लेकर भी कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में देपालपुर में सोमवार को एक जनरल स्टोर की जांच की गई, जहां से 15 गैस सिलेंडर जब्त किए गए।
खाद्य विभाग की टीम ने देपालपुर स्थित वीर किराना बर्तन एवं जनरल स्टोर्स पर छापामार कार्रवाई की। जांच के दौरान दुकान पर घरेलू गैस सिलेंडरों की अवैध बिक्री और गैस रिफिलिंग का कारोबार संचालित होता पाया गया। मौके से अवैध रूप से संग्रहित 15 नग गैस सिलेंडर जब्त किए गए और संचालक के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई प्रारंभ की गई।
एमएल मारू ने जानकारी दी कि दुकान से अवैध गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं। अवैध सिलेंडरों की जांच लगातार जारी रहेगी।
भोपाल में खाद्य सामग्री जब्त
भोपाल के मंगलवारा इलाके में मिलावट की आशंका पर 96 हजार रुपये का घी और पनीर जब्त किया गया।

