बुलंद सोच, दतिया।
दतिया उपचुनाव में प्रचार का अंतिम दिन मंगलवार है। आज शाम 5 बजे चुनाव प्रचार थम जाएगा।
प्रचार के अंतिम दिन कांग्रेस ने पूरी ताकत झोंकने का निर्णय लिया है। प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार सहित कई वरिष्ठ नेता शहर में रोड शो और जनसंपर्क करेंगे।
इससे पहले भाजपा ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में शक्ति प्रदर्शन किया है।
चुनाव आयोग के नियमों के अनुसार, मंगलवार शाम 5 बजे के बाद बाहरी नेताओं और कार्यकर्ताओं को दतिया विधानसभा क्षेत्र से बाहर जाना होगा। इसके बाद चुनाव की कमान पूरी तरह स्थानीय कार्यकर्ताओं के हाथ में होगी।
मतदान तक घर-घर संपर्क, मतदाताओं को बूथ तक लाने की रणनीति, बूथ प्रबंधन और अंतिम समय की चुनावी तैयारियां स्थानीय संगठन की क्षमता की असली परीक्षा लेंगी।
इस दौरान दोनों दलों में संभावित भितरघात पर भी ध्यान दिया जाएगा। टिकट से नाराज नेता और कार्यकर्ता मतदान के दिन कितने सक्रिय रहते हैं, इसका चुनाव परिणाम पर प्रभाव पड़ सकता है।
प्रचार थमने के बाद का साइलेंट कैंपेन और स्थानीय कार्यकर्ताओं की सक्रियता दतिया उपचुनाव की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
दतिया उपचुनाव के लिए मतदान 30 जुलाई को है और मतगणना तीन अगस्त को होगी।

