BREAKING NEWS
2026-07-31

इंदौर ने 5.46 लाख से अधिक ‘सेग्रीगेशन वाली सेल्फी’ लेकर विश्व रिकॉर्ड बनाया

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, इंदौर।

इंदौर ने एक बार फिर स्वच्छता के क्षेत्र में जनभागीदारी का उदाहरण प्रस्तुत किया है। केंद्र शासन के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा संचालित “सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ” अभियान के तहत इंदौर के 5,46,724 नागरिकों ने एक ही दिन में छह प्रकार के पृथक किए गए कचरे के साथ “सेग्रीगेशन वाली सेल्फी” लेकर विश्व रिकॉर्ड बनाया।

Advertisement

यह उपलब्धि लंदन की वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज की गई है। इस अभियान के लिए नगर निगम ने पाँच लाख नागरिकों द्वारा सेग्रीगेशन वाली सेल्फी लेने का लक्ष्य तय किया था, जिसे इंदौरवासियों ने 5,46,724 सेल्फियों के साथ पूरा कर रिकॉर्ड बनाया।

जन जागरूकता एवं सहभागिता

महापौर पुष्यमित्र भार्गव और स्वास्थ्य प्रभारी अश्विनी शुक्ल ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए नगर निगम के सभी 85 वार्डों में व्यापक स्तर पर जनजागरूकता एवं सहभागिता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

इस अभियान में सफाई मित्रों, घर-घर कचरा संग्रहण वाहन चालकों एवं हेल्परों, स्वच्छता सहयोगियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, शैक्षणिक संस्थानों, व्यापारी संगठनों, रहवासी संघों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

नागरिकों ने अपने घर, प्रतिष्ठान एवं संस्थानों में गीले, सूखे, घरेलू खतरनाक, सैनिटरी, ई-वेस्ट तथा अन्य पृथक श्रेणी के कचरे के साथ सेल्फी लेकर स्वच्छता एवं स्रोत स्तर पर कचरा पृथक्करण का संदेश दिया।

अभियान के दौरान नगर निगम के सभी घर-घर कचरा संग्रहण वाहनों, सार्वजनिक स्थानों एवं निर्धारित सेल्फी प्वाइंट्स पर विशेष गतिविधियों का आयोजन किया गया।

महापौर और निगमायुक्त की प्रतिक्रिया

इस अवसर पर महापौर भार्गव ने कहा कि स्वच्छता केवल निगम का दायित्व नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने आगे कहा कि इंदौर के नागरिकों ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया है कि जब पूरा शहर एक लक्ष्य के लिए संकल्पित होता है तो विश्व रिकॉर्ड भी छोटे पड़ जाते हैं।

निगमायुक्त क्षितिज सिंघल ने इस अवसर पर कहा कि यह विश्व रिकॉर्ड इंदौर की वर्षों से विकसित स्वच्छता संस्कृति, अनुशासन और जनभागीदारी का परिणाम है।