BREAKING NEWS
2026-08-01

इंदौर: शराब दुकान पर सिपाही का हंगामा, मुफ्त बोतल न मिलने पर अभद्रता और धमकी का आरोप; निलंबित

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, इंदौर।

द्वारकापुरी थाने में पदस्थ सिपाही तन्मय तोमर ने गुरुवार को एक शराब दुकान पर हंगामा किया। उसके साथ क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर महेश टोपी भी था।

Advertisement

महेश की पत्नी सीमा पर ड्रग्स की सप्लाई करने का आरोप है, जबकि उसका साला चेतन नाथ क्षेत्र का कुख्यात गुंडा है।

यह घटना फूटी कोठी स्थित शराब दुकान पर हुई। सादे कपड़ों में पहुंचे सिपाही तन्मय का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है।

शराब ठेकेदार ने सिपाही पर पिस्टल दिखाकर धमकाने का आरोप भी लगाया है। बताया जा रहा है कि तन्मय का भाव को लेकर विवाद हुआ था।

जब एक अन्य कर्मचारी ने घटना का वीडियो बनाया, तो उसे भी धमकाया गया।

अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सिपाही तन्मय को निलंबित कर दिया है। इस मामले की जांच एसीपी को सौंपी गई है।

डीसीपी जोन-4 सुनील मेहता के अनुसार, सिपाही तन्मय शराब के नशे में था।

उसने कर्मचारी से मुफ्त में शराब की बोतल मांगी और कर्मचारी के इनकार करने पर गालियां दीं।

तन्मय दुकान के अंदर घुस गया, कर्मचारियों से अभद्रता की और एक कर्मचारी को थप्पड़ मार दिया। आरोप है कि उसने कमर में टंगी पिस्टल दिखाकर गोली मारने की धमकी भी दी।

घटना के बाद ठेकेदार मोहन सिंह ठाकुर ने अधिकारियों से शिकायत की। सीसीटीवी फुटेज प्रसारित होने पर डीसीपी ने पुलिसकर्मी को निलंबित कर मामले की जांच अन्नपूर्णा एसीपी शिवेंदु जोशी को सौंप दी।