बुलंद सोच, टीकमगढ़।
सागर लोकायुक्त पुलिस की टीम ने टीकमगढ़ जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) कार्यालय में MPW देशराज घोष को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी कर्मचारी कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर नौकरी लगवाने के एवज में 80 हजार रुपए की घूस मांग रहा था।
टाउन इंस्पेक्टर (टीआई) के अनुसार, शिकायतकर्ता अरविंद राजपूत ने सागर लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। अरविंद राजपूत ने बताया था कि देशराज घोष उनसे नौकरी दिलाने के नाम पर कुल 80 हजार रुपए रिश्वत की मांग कर रहा है। शिकायत की सत्यता की जांच (वेरिफिकेशन) के बाद लोकायुक्त टीम ने आरोपी को रंगे हाथों पकड़ने के लिए जाल बिछाया। शुक्रवार को जैसे ही अरविंद ने रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 10,000 रुपए आरोपी देशराज को सौंपे, पास में मौजूद लोकायुक्त की टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।
इस कार्रवाई के दौरान एक और मामला सामने आया है। नरेंद्र नाम के एक अन्य पीड़ित ने भी आरोपी देशराज घोष पर पहले नौकरी लगवाने के नाम पर 5 लाख रुपए ऐंठने का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि इस पैसों के लेनदेन से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसकी लोकायुक्त टीम जांच कर रही है।
लोकायुक्त सागर की टीम ने आरोपी कर्मचारी देशराज घोष के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (प्रिवेंशन ऑफ करप्शन एक्ट) के तहत मामला दर्ज किया है।

