बुलंद सोच, इंदौर।
इंदौर में प्रॉपर्टी ब्रोकर जीतू साहू की मौत के मामले में बाणगंगा पुलिस ने उसकी लिव-इन पार्टनर सईद फारिया को गिरफ्तार कर लिया है। महिला को एक महीने बाद भोपाल से पकड़ा गया है।
एसीपी रुबीना मिजवानी के अनुसार, जीतू की मौत होटल श्याम पैलेस (सांवेर रोड) की दूसरी मंजिल से गिरने के कारण हुई थी। घटना के समय फारिया भी होटल में मौजूद थी।
जीतू को गंभीर अवस्था में अस्पताल ले जाने के बाद, उसे मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद फारिया वहां से फरार हो गई थी।
पुलिस को एक महीने से छका रही फारिया को पकड़ने के लिए भोपाल में दबिश दी गई थी। तब वह अपना मोबाइल बंद कर मुंबई भाग गई थी। गुरुवार को पुलिस ने एक अन्य मोबाइल की लोकेशन के आधार पर फारिया को भोपाल से ही गिरफ्तार किया।

