BREAKING NEWS
2026-07-31

इंदौर 30 जुलाई को स्वच्छता का विश्व रिकॉर्ड बनाने को तैयार

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, इंदौर।

भारत सरकार के आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा संचालित ‘सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ’ अभियान के अंतर्गत इंदौर 30 जुलाई को जनभागीदारी का एक नया विश्व रिकॉर्ड बनाने के लिए एकजुट होगा। नगर निगम अपनी स्वच्छता के प्रति प्रतिबद्धता प्रदर्शित करते हुए 6 प्रकार के पृथक कचरे के साथ 5 लाख सेग्रीगेसन वाली सेल्फी लेकर यह विश्व रिकॉर्ड स्थापित करेगा।

Advertisement

स्वास्थ्य प्रभारी अश्विनी शुक्ल ने बताया कि इस अभियान में सभी 85 वार्डों में लोग, सफाई मित्र, घर-घर कचरा संग्रहण वाहन चालक, हेल्पर, स्वच्छता सहयोगी, स्वयंसेवी संस्थाएं, शैक्षणिक संस्थान, व्यापारी संगठन, रहवासी संघ और अन्य हितधारक सहभागिता करेंगे। ये सभी गीले, सूखे एवं अन्य श्रेणियों में पृथक किए गए कचरे के साथ सेल्फी लेकर अभियान में शामिल होंगे।

सेल्फी गतिविधियां नगर निगम के सभी घर-घर कचरा संग्रहण वाहनों और निर्धारित स्थानों पर आयोजित की जाएंगी। वार्ड तथा जोन स्तर पर नियुक्त अधिकारी-कर्मचारी सेल्फी अभियान का समन्वय करेंगे और सेल्फियों का निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार संकलन किया जाएगा। इस विश्व रिकॉर्ड प्रयास का उद्देश्य इंदौर की स्रोत पर कचरा पृथक्करण व्यवस्था को राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर प्रदर्शित करना है। इसका संदेश है कि प्रभावी अपशिष्ट प्रबंधन की शुरुआत प्रत्येक घर, प्रतिष्ठान और लोगों से होती है, क्योंकि कचरे का सही पृथक्करण ही उसके वैज्ञानिक प्रसंस्करण, पुनर्चक्रण और पुनः उपयोग को संभव बनाता है।

महापौर पुष्यमित्र भार्गव, नगर निगम कमिश्नर क्षितिज सिंघल, स्वच्छता प्रभारी अश्विनी शुक्ल और अपर आयुक्त प्रखर सिंह ने सभी लोगों से अपील की है कि वे 30 जुलाई को अपने घर या प्रतिष्ठान में पृथक किए गए कचरे के साथ सेल्फी लेकर इस ऐतिहासिक अभियान में शामिल हों। उन्होंने कहा कि इंदौर की स्वच्छता केवल नगर निगम की उपलब्धि नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति, सफाई मित्र, वाहन चालक, हेल्पर और स्वच्छता सहयोगी के सामूहिक प्रयास का परिणाम है।