बुलंद सोच, इटारसी।
इटारसी रेलवे स्टेशन पर विशेष चेकिंग के दौरान जीआरपी ने भोपाल निवासी दो युवकों को हिरासत में लेकर लगभग 18.994 किलोग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। बरामद जेवरात की अनुमानित कीमत 44 लाख रुपये है। आभूषणों के संबंध में मौके पर कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर जीआरपी ने धारा 106 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई करते हुए जेवरात जब्त कर जांच शुरू कर दी है। इस मामले की जानकारी जीएसटी विभाग को भी भेजी गई है।
रेल पुलिस अधीक्षक भोपाल अंकित जायसवाल के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के तहत थाना प्रभारी संजय चौकसे के नेतृत्व में जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम स्टेशन पर सघन जांच कर रही थी। जांच के दौरान प्लेटफॉर्म नंबर 2-3 पर जबलपुर छोर पर दो संदिग्ध व्यक्ति भारी बैग के साथ मिले। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम राकेश जाट निवासी रसलाखेड़ी, भोपाल और लक्की राजवानी निवासी बैरागढ़, भोपाल बताए। आशंका है कि टैक्स चोरी कर जेवरात ट्रेन मार्ग से कहीं भेजे जा रहे थे।
बैग की तलाशी लेने पर उसमें चांदी के आभूषण जैसे पायल, चेन, कड़ा, अंगूठी और बिछिया बरामद हुए। पुलिस ने जब आभूषणों के संबंध में बिल, जीएसटी दस्तावेज या अन्य वैध कागजात मांगे, तो दोनों कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद जीआरपी ने आभूषण जब्त कर जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान जीएसटी विभाग से भी वैधानिक जानकारी प्राप्त की जाएगी। पुलिस के अनुसार, दोनों व्यक्तियों का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है, इसलिए उन्हें नोटिस पर छोड़ दिया गया है। यह मामला न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक श्रीलाल पड़रिया, प्रधान आरक्षक विष्णुमूर्ति शुक्ला, आरक्षक अमित कौशिक, सुमित यादव, राजेंद्र दायमा, विजय पंद्राम, रामशंकर, आरपीएफ से संतोष कुमार मिश्रा और आरक्षक जसवंत सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस कार्रवाई पर रेल पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
