बुलंद सोच, मंदसौर।
मंदसौर जिले के पिपलियामंडी में सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात एक डंपर चालक ने अमानवीयता का वीभत्स चेहरा प्रस्तुत किया।
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात रसोई में काम करने वाली लालीबाई पत्नी जसवंतसिंह, निवासी रेलवे स्टेशन के पास पिपलियामंडी, हलवाई रमेश यादव निवासी राजाखेड़ी के साथ पीपलखेड़ी से कार्य कर बाइक से पिपलियामंडी आ रही थीं। रात लगभग 1:30 बजे वे रास्ते में टकरावद के पास शौच के लिए रुकीं। शौच के बाद सड़क पार करते समय टकरावद की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार डंपर के चालक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर के बाद महिला का शव डंपर में ही फंस गया, लेकिन चालक नहीं रुका और डंपर को भगाता रहा। महिला का शव डंपर से घिसटता रहा और घटनास्थल से लगभग आठ किलोमीटर दूर ग्राम बिल्लौद में बस स्टैंड पर उसका एक पैर गिरा। इसके कुछ अंग बिल्लौद में दूध डेयरी के सामने मिले, वहीं यहां से लगभग 200 मीटर दूर महिला का शव गिरा हुआ पाया गया।
रात लगभग ढाई बजे नाहरगढ़ पुलिस ने महिला के शव व अन्य अंगों को सड़क से एकत्र कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इसके बाद शव की पहचान की गई और बुधवार को शव स्वजन को सौंप दिया गया।
