बुलंद सोच, जबलपुर।

जबलपुर पुलिस ने शहर में बेटियों और छात्राओं के लिए सुरक्षित माहौल बनाने के उद्देश्य से ‘गरिमा अभियान’ को और तेज कर दिया है।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर गुरुवार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनु बेनिवाल ने स्वयं मोर्चा संभाला और शैक्षणिक संस्थानों के आसपास दबिश देकर मनचलों व संदिग्ध रूप से घूमने वाले युवकों पर कार्रवाई की।
स्कूलों के बाहर पुलिस की अचानक दस्तक महिला थाना प्रभारी मंजू शर्मा और शक्ति टास्क फोर्स की टीम के साथ एएसपी अनु बेनिवाल ने स्कूलों के आसपास पहुंचकर निगरानी की। इस दौरान छात्राओं को परेशान करने, गलत हरकत करने और संदिग्ध तरीके से घूमने वाले युवकों को पकड़ा गया।
स्कूलों के आसपास बिना हेलमेट, बिना नंबर प्लेट अथवा टूटी-फूटी नंबर प्लेट वाले वाहनों से घूम रहे युवकों पर भी कार्रवाई की गई।
छात्राओं से सीधा संवाद
अभियान के दौरान एएसपी अनु बेनिवाल ने स्कूली छात्राओं से सीधा संवाद किया। उन्होंने छात्राओं से पूछा कि कहीं कोई शोहदा या मनचला उन्हें परेशान तो नहीं करता।
छात्राओं को स्पष्ट संदेश दिया गया कि छेड़छाड़ या किसी भी तरह की परेशानी सामने आने पर चुप न रहें और तत्काल पुलिस को सूचना दें। उन्हें आश्वस्त किया गया कि शिकायत मिलते ही टीम मौके पर पहुंचेगी और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित होगी।
पुलिस अधीक्षक का संदेश
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने कहा कि बेटियां स्कूल, कोचिंग, खेलकूद, रिश्तेदारों के घर या किसी भी काम से घर से बाहर निकलें तो उन्हें किसी तरह का भय नहीं होना चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि कोई उन्हें छेड़ने या परेशान करने की कोशिश करता है तो वे निडर होकर पुलिस को सूचना दें। पुलिस की टीम उनकी मदद के लिए तत्पर रहेगी और महिलाओं व बालिकाओं को परेशान करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

