बुलंद सोच, कटनी।
कटनी के रंगनाथनगर थाना पुलिस ने नशा विरोधी अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए 9 हजार नाइट्राजेपाम (नाइट्राबेट) टैबलेट के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया। बरामद नशीली गोलियों की कीमत लगभग 2 लाख 25 हजार रुपये आंकी गई है। यह कार्रवाई कटनी जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस द्वारा की गई एक बड़ी पहल है।
पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर जिले में चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के अंतर्गत रंगनाथनगर थाना पुलिस संदिग्धों की जांच कर रही थी। इसी दौरान ऑर्डनेंस फैक्टरी ग्राउंड के पीछे प्लास्टिक की बोरी लेकर घूम रहे दो युवक पुलिस को संदिग्ध प्रतीत हुए। पुलिस को देखते ही दोनों भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे इन नशीली गोलियों को बिक्री के उद्देश्य से लेकर आए थे। पुलिस ने पूरी खेप जब्त कर दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और मध्यप्रदेश ड्रग कंट्रोल अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया।
एडिशनल एसपी कमल मौर्य ने जानकारी दी कि मामले के मुख्य सप्लायर और सरगना की पहचान कर ली गई है। उन्होंने यह भी बताया कि पूछताछ में कई अहम सुराग मिले हैं, और पुलिस मुख्य सरगना की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

