BREAKING NEWS
2026-07-29

केसला में खेत बटाई विवाद हिंसक: देवरानी ने जेठानी का कान चबाया, 90% हिस्सा क्षतिग्रस्त

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, इटारसी।

इटारसी के आदिवासी विकासखंड केसला के ग्राम पिपरिया कला में खेत की बटाई और एक हजार रुपये के लेनदेन को लेकर हुए पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस दौरान एक देवरानी ने अपनी सगी जेठानी का कान दांतों से काट लिया, जिससे कान का लगभग 90 प्रतिशत हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।

Advertisement

गंभीर रूप से घायल महिला को शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है। महिला का इलाज कर रहे सर्जन अनिकेत सिंह के अनुसार, महिला के कान का बाहरी हिस्सा पूरी तरह खराब हो चुका है और अब उसके कान के पुनर्निर्माण (रिकंस्ट्रक्टिव सर्जरी) की तैयारी की जा रही है।

पीड़ित महिला रवीना कासदे ने बताया कि उसके परिवार में करीब एक एकड़ खेत की बटाई को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। रवीना ने खेत तैयार कराने में एक हजार रुपये खर्च किए थे। विवाद बढ़ने पर उसने अपनी राशि वापस मांगी, लेकिन उसकी देवरानी कलाबाई ने न तो रुपये लौटाए और न ही खेत जोतने के लिए सहमति दी।

रवीना के अनुसार, विवाद के दौरान उसने गांव के सरपंच को न्याय के लिए बुलाया था, लेकिन उनके पहुंचने से पहले ही परिवार में हुई कहासुनी मारपीट में बदल गई। जब रवीना घर के अंदर जाने लगी, तभी उसे खींचकर पीटा गया और उसकी देवरानी ने दांतों से उसका कान काट लिया।

घटना के बाद स्वजन लहूलुहान हालत में महिला को तत्काल शासकीय अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों के अनुसार, महिला का कान गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हुआ है और उसका ऑपरेशन कर पुनर्निर्माण किया जाएगा।

पीड़िता के पति मजदूरी करते हैं और उनके दो छोटे बच्चे हैं। रवीना ने केसला थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। थाना प्रभारी केसला राहुल रैकवार ने बताया कि बयान दर्ज करने के बाद आरोपित महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है और दूसरे पक्ष से भी रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।