बुलंद सोच, भोपाल।

शहर में मिलावटी खाद्य पदार्थों और उनका कारोबार करने वाले कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में टीम ने सोमवार को मंगलवारा इलाके में स्थित आनंद और महाकाल मावा भंडार पर कार्रवाई की। इस दौरान 96 हजार 150 रुपये कीमत का घी और पनीर जब्त किया गया है।
जानकारी के अनुसार, मिलावट के खिलाफ विशेष अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने सोमवार सुबह मंगलवारा बाजार में दुकानें खुलते ही निरीक्षण शुरू कर दिया था। आनंद और महाकाल मावा भंडार पर निरीक्षण के दौरान मिलावट की आशंका के चलते 89 किलोग्राम घी जब्त किया गया, जिसकी कीमत करीब 53 हजार 400 रुपये है। इसके अतिरिक्त, लगभग 171 किलोग्राम पनीर भी जब्त किया गया, जिसकी कीमत करीब 42 हजार 750 रुपये बताई गई है। जब्त किए गए सभी पदार्थों को सुरक्षित अभिरक्षा में रखवाया गया है।
जब्त किए गए पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है। प्रयोगशाला की रिपोर्ट मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी शिवराज पावक ने बताया कि मिलावट के खिलाफ विशेष अभियान के तहत दूध और उससे बनने वाले मावा, पनीर, मिठाई आदि पदार्थों में मिलावट की आशंका होने पर उनकी जांच करवाई जा रही है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई नियमित रूप से आगे भी जारी रहेगी।

