BREAKING NEWS
2026-08-06

पार्श्व गायक विनोद कुमार राठौर को खंडवा में किशोर गौरव सम्मान मिला

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, खंडवा।

खंडवा में आयोजित किशोर नाइट की शाम संगीत से सजी रही। इस दौरान “नीले-नीले अंबर पर चांद जब आए.”, “दिलबर मेरे कब तक मुझे ऐसे ही तड़पाओगे.” और “रिमझिम गिरे सावन, सुलग सुलग जाए मन.” जैसे गीत गूंज उठे।

Advertisement

मुंबई आर्केस्ट्रा के पी गणेश और उनके साथी कलाकारों ने एक से बढ़कर एक गीत प्रस्तुत किए।

पार्श्व गायक विनोद राठौर के मंच पर आते ही माहौल तालियों से गूंज उठा। उन्होंने किशोर दा के गीत “दिल क्या करे जब किसी से किसी को प्यार हो जाए” से अपनी प्रस्तुति की शुरुआत की और श्रोताओं का दिल जीत लिया।

पुरानी अनाज मंडी प्रांगण में पार्श्व गायक विनोद कुमार राठौर को किशोर कुमार गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया। उन्हें सम्मान स्वरूप एक लाख रुपये की राशि और सम्मान पट्टिका प्रदान की गई।

यह सम्मान राशि व्यवसाई राकेश बंसल की ओर से दी गई थी। इस आयोजन को किशोर सांस्कृतिक प्रेरणा मंच और नगर निगम द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किया गया।

इसी आयोजन में ‘वाइस ऑफ खंडवा’ के विजेता क्रिश मोहे, तीर्थ जैन और रौनक गिदवानी को भी पुरस्कृत किया गया।

किशोर गौरव सम्मान प्राप्त कर विनोद राठौर अभिभूत हो गए। उन्होंने अपने संबोधन में कहा, “वेरी वेरी हैप्पी बर्थडे हमारे किशोर दा को।”

विनोद राठौर ने कहा कि जो चीज खंडवा में होती है, वह दुनिया में कहीं और नहीं होती। उन्होंने यह भी बताया कि ऐसी ऑडियंस और समाधि विश्व में कहीं नहीं दिखती, यह हमारे स्वर्गीय किशोर दा हैं।

उन्होंने कहा कि वह किशोर दा के चरण रज को अपने माथे पर लगाते हैं। विनोद राठौर ने यह भी बताया कि खंडवा में ही किशोर दा की एकमात्र समाधि है।

उन्होंने श्रोताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यदि किसी को किशोर दा से लाइव मिलना है, तो वह कहीं और न जाए। उन्होंने इंदौर से खंडवा आने का मार्ग भी बताया: “इंदौर से उतरे गाड़ी में, गाड़ी में बैठे, ढाई घंटे बाद एक लेफ्ट आता है खंडवा के लिए वो लेफ्ट को याद रखें, आपकी हर चीज राइट हो जाएगी।”

विनोद राठौर ने यह भी कहा कि किशोर दा कहीं नहीं गए, वे यहीं हैं और उन्हें दिल से याद करना चाहिए।

इस आयोजन में महापौर अमृता यादव, विधायक कंचन तनवे, निगम अध्यक्ष अनिल विश्वकर्मा और जिला पंचायत पिंकी वानखेडे अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

इस अवसर पर कलेक्टर नागार्जुन बी गौडा, एसपी अगम जैन, निगमायुक्त प्रियंका राजावत सहित अन्य अधिकारीगण भी मौजूद थे।

उल्लेखनीय है कि किशोर कुमार ने बिना किसी तकनीक के अकेले 21 अलग-अलग आवाजें निकाली थीं।