बुलंद सोच, भोपाल।

उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश के आसपास बने लो प्रेशर एरिया और मानसून ट्रफ के प्रभाव से प्रदेश में वर्षा का सिलसिला जारी है। विशेषकर उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में बारिश की गतिविधियां अधिक बनी हुई हैं।
मंगलवार शाम साढ़े पांच बजे तक गुना में सबसे अधिक 85 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। वहीं, खंडवा में 58 मिलीमीटर बारिश हुई।
इसी अवधि में बैतूल में 4.0 मिमी, छिंदवाड़ा में 0.6 मिमी, नर्मदापुरम में 0.4 मिमी, इंदौर में 2.0 मिमी, जबलपुर में 0.4 मिमी, रायसेन में 5.0 मिमी, सागर में 2.0 मिमी, टीकमगढ़ में 1.0 मिमी और उज्जैन में 1.0 मिलीमीटर वर्षा दर्ज हुई।
तापमान में गिरावट
लगातार बारिश के चलते प्रदेश के कई शहरों के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। इंदौर में दिन का तापमान 4.1 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आया, जबकि भोपाल और जबलपुर में 2.7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हुई। इससे मौसम में ठंडक घुल गई और लोगों को गर्मी से राहत मिली।
येलो अलर्ट और पूर्वानुमान
मौसम विज्ञान केंद्र ने बारिश की स्थिति को देखते हुए भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर और उज्जैन समेत प्रदेश के लगभग सभी प्रमुख जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विज्ञानी के अनुसार, बुधवार से भारी वर्षा की गतिविधियों में कुछ कमी आने की संभावना है।
हालांकि, यह राहत ज्यादा समय तक रहने वाली नहीं है, क्योंकि मौसम विभाग के अनुसार 15 अगस्त से पूर्वी मध्य प्रदेश में एक बार फिर भारी से अति भारी वर्षा का दौर शुरू हो सकता है। सीधी, सिंगरौली और उमरिया जैसे जिलों में इसका प्रभाव अधिक रहने की संभावना है।
प्रमुख शहरों का तापमान
भोपाल का अधिकतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 22.7 डिग्री सेल्सियस रहा। इंदौर का अधिकतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ग्वालियर का अधिकतम तापमान 34.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27.0 डिग्री सेल्सियस तथा जबलपुर का अधिकतम तापमान 27.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

