बुलंद सोच।
विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में बुधवार तड़के भस्म आरती के दौरान सुबह चार बजे कपाट खोले गए। सर्वप्रथम वीरभद्र जी को प्रणाम किया गया और स्वस्ति वाचन संपन्न हुआ। इसके उपरांत आज्ञा लेकर चांदी द्वार तथा गर्भगृह के पट खोले गए।
पुजारियों ने भगवान महाकाल का श्रृंगार उतारकर पंचामृत पूजन किया। तत्पश्चात कर्पूर आरती की गई।

इसके बाद भगवान महाकाल का जलाभिषेक किया गया। पूजन दूध, दही, घी, शक्कर, शहद और फलों के रस से बने पंचामृत से संपन्न हुआ।
भगवान महाकाल को भांग, चंदन, सिंदूर और आभूषणों से राजा स्वरूप में सजाया गया।
नंदी हाल में नंदी जी का स्नान, ध्यान और पूजन किया गया। भगवान महाकाल को ड्रायफ्रूट, फल और मिष्ठान का भोग अर्पित किया गया।
इसके बाद ज्योतिर्लिंग पर भस्म चढ़ाई गई। भगवान को रजत का शेषनाग मुकुट, रजत की मुंडमाला, रुद्राक्ष की माला और सुगंधित फूलों की मालाएं पहनाई गईं।
भस्म आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और बाबा महाकाल के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
महा निर्वाणी अखाड़े की ओर से भगवान महाकाल को भस्म अर्पित की गई। मान्यता है कि भस्म अर्पित होने के बाद भगवान महाकाल निराकार से साकार रूप में भक्तों को दर्शन देते हैं।
