बुलंद सोच, मैहर।
मध्य प्रदेश के मैहर जिले के ग्राम ककरा स्थित एक आंगनबाड़ी केंद्र का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में बच्चों को पोषण आहार के नाम पर नमक के साथ पूरी परोसी गई।
वीडियो में बच्चे यह भी बताते दिखे कि उन्होंने पूरी नमक के साथ ही खाई है।
वहीं, विभाग ने दावा किया है कि यह वीडियो सब्जी परोसे जाने से पहले का है। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने इस मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
जिला कार्यक्रम अधिकारी (डीपीओ) राजेंद्र बांगड़े ने बताया कि यह वीडियो लगभग तीन माह पुराना है। रसोइए का कहना है कि यह वीडियो सब्जी परोसने से पहले बनाया गया था, और इसे आधा-अधूरा बनाकर वायरल किया गया है।
परियोजना अधिकारी अखिलेश दीपंकर के अनुसार, 26 जुलाई को शिवम स्व सहायता समूह की अध्यक्ष राधा बाई एक मारपीट की घटना में बीच-बचाव करने गई थीं। उनकी बेटी ने उस दौरान फोटो और वीडियो बनाए थे। परियोजना अधिकारी ने कहा कि पुलिस तक मामला न पहुंचे, इसलिए दबाव बनाने के लिए यह पुराना वीडियो वायरल किया गया है।
महिला एवं बाल विकास विभाग ने अपनी जांच रिपोर्ट जिला कार्यक्रम अधिकारी को सौंप दी है।

