बुलंद सोच, मैहर।

सोशल मीडिया पर इन दिनों मैहर स्थित विश्व प्रसिद्ध मां शारदा मंदिर में बाढ़ आने का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस संबंध में मैहर नगर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह वीडियो पूरी तरह फर्जी और भ्रामक है।
सीएसपी महेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि वायरल वीडियो की जांच के बाद यह स्पष्ट हुआ है कि उसमें दिखाई गई घटना का मैहर से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि मैहर में इस प्रकार की कोई बाढ़ नहीं आई है और न ही हाल के दिनों में इतनी अधिक वर्षा हुई है कि ऐसी स्थिति उत्पन्न हो।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह वीडियो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीक की सहायता से तैयार कर सोशल मीडिया पर वायरल किया गया है। इसका उद्देश्य लोगों में भ्रम फैलाना और मैहर की धार्मिक एवं पर्यटन छवि को नुकसान पहुंचाना है।
सीएसपी ने चेतावनी दी कि सोशल मीडिया पर झूठी और भ्रामक जानकारी वायरल कर अफवाह फैलाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध साइबर कानूनों एवं अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सोशल मीडिया पर लगातार नजर बनाए हुए है और ऐसे तत्वों की पहचान करने का कार्य भी कर रही है।

