बुलंद सोच, दतिया।

दतिया उपचुनाव का प्रचार अंतिम चरण में है। मतदाताओं तक प्रभावी पहुंच बनाने के लिए प्रमुख दलों के पास कम समय बचा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज सोमवार को 14 दिनों में तीसरी बार दतिया पहुंचेंगे।
मुख्यमंत्री शाम 4:30 बजे दतिया पहुंचेंगे। वे मां पीतांबरा शक्तिपीठ में दर्शन-पूजन के उपरांत सिंधी धर्मशाला में कुशवाह समाज के सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इसके पश्चात, वे शाम पांच बजे से शहर में रोड शो करेंगे।
इस रोड शो में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी, वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल होंगे। यह रोड शो मां पीतांबरा मंदिर के पश्चिम द्वार से भैंरो मंदिर बड़ी तिगैलिया तक निकाला जाएगा।
भाजपा ने रोड शो के लिए तैयारियां प्रारंभ कर दी हैं। शहर का बाजार पार्टी के झंडों और बैनरों से सजा हुआ है। यह रोड शो मतदान से तीन दिन पहले आयोजित होगा, जिसका उद्देश्य शहर में शक्ति प्रदर्शन के साथ-साथ सामाजिक समीकरणों को साधना भी है। भाजपा ने अपने शीर्ष नेतृत्व को मैदान में उतारकर चुनावी माहौल को और तेज कर दिया है। इससे पूर्व केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित कई वरिष्ठ नेता दतिया में चुनावी सभाएं कर चुके हैं। आज सोमवार का यह रोड शो भाजपा के चुनावी आयोजनों में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
कांग्रेस की ओर से प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के अंतिम दौर के प्रचार में शामिल होने की संभावना है। दोनों प्रमुख दल अपने स्तर पर कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते हैं।

