बुलंद सोच, मुरैना।
पग फेरे की रस्म के लिए मायके आई एक नवविवाहिता गहने और नकदी लेकर एक मैक्स वाहन में बैठकर फरार हो गई। यह घटना उस समय हुई जब नवविवाहिता का पति चौराहे पर शगुन की मिठाई लेने गया था। जब पति वापस लौटा तो उसे अपनी नवविवाहित पत्नी नहीं मिली। पीड़ित पति ने इस संबंध में थाने में तहरीर दी है।
पुलिस जांच और पूर्व का मामला
पुलिस के अनुसार, यह युवती पूर्व में भी हाथरस के एक युवक के साथ जा चुकी है और इस संबंध में पिनाहट थाने में एक मुकदमा दर्ज है। मुरैना जिले के महुआ थाना क्षेत्र के गांव पिपरई के रहने वाले गिर्राज सिंह का विवाह थाना पिनाहट के एक गांव की युवती से 20 जुलाई को हुआ था। शादी के पांच दिन बाद सोमवार शाम 4 बजे नवविवाहिता अपने पति और ससुरालियों के साथ पग फेरे की रस्म के लिए पिनाहट वापस आई थी। नवविवाहिता के घर पहुँचने से पहले, कस्बा के नंदगवां तिराहे पर पति शगुन की मिठाई लेने के लिए रुका। उसने अपने स्वजनों और नवविवाहिता को वहीं इंतजार करने के लिए कहा था। इसी दौरान, नवविवाहिता साथ आए ससुरालीजन से लघुशंका की बात कहकर चली गई और काफी समय तक वापस नहीं आई। चिंतित ससुरालियों ने जब आसपास देखा तो विवाहिता को एक लोडिंग मैक्स वाहन में बैठकर अरनोटा की ओर जाते हुए देखा। उन्होंने भागकर उसका पीछा भी किया, लेकिन वाहन की तेज गति के कारण नवविवाहिता उनकी आँखों से ओझल हो गई। गिर्राज ने बताया कि उसकी पत्नी सोने-चांदी के गहने पहने हुए थी और उसके पास नगदी भी थी।
अधिकारियों का बयान
महुआ थाना प्रभारी निरीक्षक वीपी गिरि ने जानकारी दी कि नवविवाहिता पूर्व में भी इसी तरह लापता हो चुकी है। इस मामले में हाथरस स्टेशन रोड निवासी विनोद के खिलाफ एक मुकदमा पंजीकृत है। विवाहिता की तलाश में एक टीम रवाना की गई है।

