बुलंद सोच, इंदौर।
इंदौर नगर निगम जनभागीदारी का एक नया विश्व रिकॉर्ड बनाने जा रहा है। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा संचालित “सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ” अभियान के तहत 30 जुलाई को स्वच्छता के प्रति प्रतिबद्धता प्रदर्शित करते हुए, शहर के पांच लाख लोग छह प्रकार के पृथक कचरे के साथ “सेग्रीगेसन वाली सेल्फी” लेकर विश्व रिकॉर्ड बनाएंगे।
स्वास्थ्य प्रभारी अश्विनी शुक्ल ने बताया कि अभियान के तहत सभी 85 वार्डों में नागरिकों के साथ-साथ सफाई मित्र, घर-घर कचरा संग्रहण वाहन चालक एवं हेल्पर, स्वच्छता सहयोगी, स्वयंसेवी संस्थाएं, शैक्षणिक संस्थान, व्यापारी संगठन, रहवासी संघ तथा अन्य हितधारक गीले, सूखे एवं अन्य श्रेणियों में पृथक किए गए कचरे के साथ सेल्फी लेकर सहभागिता करेंगे।
निगम के घर-घर कचरा संग्रहण वाहनों एवं निर्धारित स्थानों पर भी सेल्फी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। वार्ड एवं जोन स्तर पर नियुक्त अधिकारी-कर्मचारी सेल्फी अभियान का समन्वय करेंगे तथा प्राप्त सेल्फियों का निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार संकलन किया जाएगा।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव और निगमायुक्त क्षितिज सिंघल ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे 30 जुलाई को अपने घर अथवा प्रतिष्ठान में पृथक किए गए कचरे के साथ सेल्फी लेकर बड़ी संख्या में इंदौर में होने जा रहे इस अभियान में शामिल हों।
नशे के खिलाफ ई-शपथ का आयोजन
इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा चलाए जा रहे ‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0’ अभियान के तहत ई-शपथ का आयोजन मंगलवार को किया जाएगा। नशे से दूरी है जरूरी की उक्त ई-शपथ पुलिस कमिश्नर इंदौर द्वारा सुबह नौ बजे पलासिया स्थित कार्यालय के सभागार से दिलाई जाएगी।
इसमें बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों सहित शहर के शैक्षणिक संस्थानों, अन्य संस्थाओं व आम नागरिक भी जुड़ेंगे।
बाजारों की स्वच्छता पर ध्यान
स्वच्छता सर्वेक्षण के तहत अब इंदौर के बाजार भी साफ-सुथरे होंगे, जिसके लिए हुई बैठक में व्यापारियों ने महत्वपूर्ण सुझाव दिए हैं।

