BREAKING NEWS

जबलपुर बैंक डकैती: एक और आरोपित गिरफ्तार, 350 ग्राम लूटा सोना बरामद

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, जबलपुर।

पुलिस ने खितौला स्थित ईसाफ स्माल फाइनेंस बैंक में गत वर्ष हुई डकैती के मामले में एक और आरोपित को गिरफ्तार किया है। सोमवार को आरोपित को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया गया है।
बिहार के गया जिले के इमामगंज थाना क्षेत्र के ग्राम मयरा निवासी छोटू उर्फ सरमन मेहतो (23) को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से डकैती का 350 ग्राम सोना बरामद किया गया। साथ ही, वारदात में प्रयुक्त 7.65 एमएम बोर की देशी पिस्टल भी जब्त की गई है।

Advertisement

बैंक डकैती का विवरण

गत वर्ष 11 अगस्त को पांच हथियारबंद बदमाशों ने ईसाफ स्माल फाइनेंस बैंक में दिनदहाड़े धावा बोला था। बदमाशों ने बैंक कर्मचारियों को हथियारों के बल पर बंधक बना लिया था।
बदमाश बैंक से करीब 14 किलो 800 ग्राम सोने के जेवर और लगभग पांच लाख रुपये नकद लूटकर फरार हो गए थे। इस मामले में पुलिस अभी तक छोटू मेहतो सहित कुल 13 आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है।

मुख्य आरोपित से जुड़ाव

पुलिस को छोटू का सुराग 15 जुलाई को दबोचे गए वारदात के मुख्य आरोपित बिहार के गया जिले के निवासी सुनील पासवान से पूछताछ में मिला था।
जांच में पता चला कि आरोपित सुनील पासवान को डकैती के बाद उसके हिस्से में आए सोने के जेवर छोटू उर्फ सरमन मेहतो की मदद से धीरे-धीरे बेचे गए।
पूछताछ में मुख्य आरोपित ने खुलासा किया कि उसने डकैती का बचा हुआ सोना भी छोटू मेहतो के पास सुरक्षित रखवाया था।
इसके बाद जबलपुर पुलिस की टीम ने बिहार एसटीएफ की सहायता से बिहार के शेरघाटी (जिला गया) से छोटू मेहतो को गिरफ्तार किया।

पूछताछ और खुलासे

पूछताछ में आरोपित छोटू मेहतो ने पहले पुलिस को गुमराह किया। सख्ती करने पर वह टूट गया और उसे आरोपित न बनाए जाने की बात कहते हुए मुख्य आरोपित पासवान के संपर्क में होना स्वीकार किया।
उसने बताया कि लूटे गए धन का बचा हुआ सोना मुख्य आरोपित पासवान ने गया जिले में स्थित अपने ग्राम बनाही में शिव मंदिर के पास स्वयं के खेत में छिपा कर रखा था। आरोपित की निशादेही पर आरोपित छोटू उर्फ सरमन मेहतो के कब्जे से 350 ग्राम सोने के जेवर जब्त किए गए।

गैंग की कार्यप्रणाली

पुलिस को मुख्य आरोपित सुनील पासवान से पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। यह बात सामने आई है कि बिहार के शेरघाटी क्षेत्र के आसपास कुछ बदमाशों की गैंग लंबे समय से बैंक लूट एवं डकैती की वारदातें करती रही है।
इनके निशाने पर ज्यादातर बैंक एवं एटीएम होते थे। वारदात के बाद लूटे गए रुपयों और सोने-चांदी को अपने कुछ साथियों के सहयोग से छिपाकर आरोपित कुछ समय के लिए अंडरग्राउंड हो जाते थे।
बाद में आकर छिपाए हुए लूट की सामग्री को बाजार में खपा देते थे। इसके लिए उन्होंने अपनी गैंग के सदस्यों से अलग लोगों से भी संपर्क बना रखा था।
पुलिस अन्य प्रदेशों में हुई बड़ी लूट एवं डकैती की वारदातों में भी आरोपितों की भूमिका को लेकर छानबीन कर रही है।