BREAKING NEWS
2026-08-06

एमपी में 2 हजार चयनित शिक्षकों की नियुक्ति पर संकट, डीएलएड परिणाम में देरी से अभ्यर्थी चिंतित

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भोपाल।

प्राथमिक शिक्षक चयन परीक्षा-2025 में चयनित अभ्यर्थियों ने डीएलएड अंतिम वर्ष का परीक्षा परिणाम जारी न होने के कारण अपनी नियुक्ति पर संकट बताते हुए मंगलवार से माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) भोपाल परिसर में तीन दिवसीय शांतिपूर्ण धरना शुरू कर दिया है। अभ्यर्थियों ने माशिमं से जल्द परिणाम घोषित करने की मांग की है।

Advertisement

स्कूल शिक्षा विभाग और जनजातीय कार्य विभाग द्वारा चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया 10 अगस्त के बाद शुरू की जाएगी। सत्यापन के दौरान डीएलएड अंतिम वर्ष का परिणाम प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। परिणाम जारी न होने की स्थिति में हजारों अभ्यर्थी पात्र होने के बावजूद दस्तावेज सत्यापन से वंचित हो सकते हैं।

धरने पर बैठे अभ्यर्थियों के अनुसार, डीएलएड परीक्षा संपन्न हुए लगभग 50 दिन बीत चुके हैं और मूल्यांकन कार्य भी पूरा हो चुका है। इसके बावजूद माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा अभी तक परिणाम घोषित नहीं किया गया है, जिससे चयनित अभ्यर्थियों में असमंजस और चिंता का माहौल है।

अभ्यर्थियों ने बताया कि प्रदेशभर के लगभग दो हजार चयनित उम्मीदवारों का डीएलएड अंतिम वर्ष का परिणाम लंबित है। उनका कहना है कि यदि समय रहते परिणाम जारी नहीं किया गया तो उनकी नियुक्ति प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि परिणाम जल्द घोषित नहीं हुआ तो वे अपने आंदोलन को तेज करने के लिए बाध्य होंगे।