बुलंद सोच, इंदौर।
राज्य सेवा मुख्य परीक्षा की उत्तरपुस्तिकाएं दिखाने की अभ्यर्थियों की लंबे समय से चली आ रही मांग का समाधान करते हुए, मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) ने अभ्यर्थियों को उत्तरपुस्तिकाओं का अवलोकन कराने का निर्णय लिया है।
इस संबंध में आयोग ने सोमवार को एक अधिसूचना जारी की है। इसमें राज्य सेवा मुख्य परीक्षा वर्ष 2019 से 2024 तक की वर्णनात्मक (डिस्क्रिप्टिव) मूल्यांकित उत्तरपुस्तिकाओं को दिखाए जाने हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
इस व्यवस्था के लागू होने से अभ्यर्थी अपनी उत्तरपुस्तिका देखकर यह समझ सकेंगे कि उन्हें किस प्रश्न में कितने अंक प्राप्त हुए हैं और मूल्यांकन किस प्रकार किया गया है।
उत्तरपुस्तिकाओं के अवलोकन की यह प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से शुरू की जाएगी। सबसे पहले राज्य सेवा मुख्य परीक्षा-2019 की मूल्यांकित उत्तरपुस्तिकाओं का अवलोकन नवंबर 2026 से प्रारंभ होगा।
इसके उपरांत, वर्ष 2020, 2021, 2022, 2023 और 2024 की मुख्य परीक्षाओं की उत्तरपुस्तिकाएं भी निर्धारित समयानुसार उपलब्ध कराई जाएंगी।
इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन करने के निर्देश दिए गए हैं। आवेदन के बाद आयोग उत्तरपुस्तिका दिखाने के लिए समयसीमा निर्धारित करेगा, जिसके आधार पर अभ्यर्थी अपनी उत्तरपुस्तिका देखने के लिए आयोग कार्यालय जा सकेंगे।
आयोग के अनुसार, इस व्यवस्था से अभ्यर्थियों को मूल्यांकन प्रक्रिया को समझने का अवसर मिलेगा और वे अपनी कमियों एवं मजबूत पक्षों का बेहतर विश्लेषण कर सकेंगे।
ओएसडी रवींद्र पंचभाई ने बताया है कि आवेदन प्रक्रिया, शुल्क, स्लॉट बुकिंग और अन्य आवश्यक दिशा-निर्देश जल्द ही आयोग की वेबसाइट पर अपलोड किए जाएंगे।

