बुलंद सोच, इंदौर।
शहर के ऑफ स्पिन ऑलराउंडर सारांश जैन को बीसीसीआई ने आगामी श्रीलंका दौरे के लिए भारतीय टेस्ट टीम में शामिल किया है। इंदौर से लगभग दो साल के अंतराल के बाद किसी खिलाड़ी का भारतीय टेस्ट टीम में चयन हुआ है। पिछली बार वर्ष 2024 में रजत पाटीदार को भारतीय टेस्ट टीम में जगह मिली थी। संयोगवश, रजत पाटीदार और सारांश जैन स्थानीय क्रिकेट में एक ही क्लब से खेलते हैं।
रणजी से टेस्ट टीम तक का सफर
सारांश जैन लंबे समय से मध्य प्रदेश रणजी टीम का हिस्सा रहे हैं। हाल ही में उन्हें श्रीलंका दौरे पर भारत-ए टीम में शामिल किया गया था। इस दौरे के दौरान, उन्होंने दो मैचों में कुल पांच विकेट चटकाए थे, जबकि एक मैच में 70 रनों की नाबाद पारी भी खेली थी। अब उन्हें पुनः श्रीलंका दौरे के लिए ही भारतीय टेस्ट टीम में शामिल किया गया है।
पिता के सपने को कर रहे पूरा
सारांश के पिता सुबोध जैन भी मध्य प्रदेश क्रिकेट टीम के ऑफ स्पिनर रह चुके हैं। हालांकि, उन्हें भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर प्राप्त नहीं हुआ था। अब सारांश अपने पिता के सपने को पूरा कर रहे हैं। तैंतीस वर्षीय सारांश ने 54 प्रथम श्रेणी मैचों में 2,223 रन बनाए हैं, जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 103 रनों की पारी रहा है। उन्होंने कुल दो शतक लगाए हैं और 188 विकेट भी अपने नाम दर्ज किए हैं।
इंदौर के प्रमुख खिलाड़ियों की सूची में शामिल
मध्य प्रदेश टीम के लिए सारांश ने दिसंबर 2014 में तमिलनाडु के खिलाफ चेन्नई में खेले गए मैच में पदार्पण किया था। सारांश से पहले इंदौर के नरेंद्र हिरवानी, राजेश चौहान, नमन ओझा और रजत पाटीदार भारतीय टेस्ट टीम में खेल चुके हैं। ईश्वर पांडे का भी चयन भारतीय टेस्ट टीम में हुआ था, किंतु उन्हें पदार्पण का अवसर नहीं मिला था।

