बुलंद सोच, मुंबई।
दुबई में कारोबार करने वाले एक भारतीय व्यवसायी द्वारा अपनी पत्नी के लिए भेजे गए 14 लाख रुपये से अधिक के कीमती सामान के साथ एक महिला मुंबई हवाई अड्डे से गायब हो गई। मुंबई पुलिस ने इस मामले में धोखाधड़ी का केस दर्ज कर आरोपी महिला की तलाश शुरू कर दी है।
गायब हुए सामान में 50-50 ग्राम की दो सोने की चूड़ियां, 50 ग्राम की एक सोने की चेन, एक लैपटॉप, एक नया आईफोन, महंगे चॉकलेट और अन्य कीमती वस्तुएं शामिल थीं, जिनका कुल मूल्य लगभग 14.42 लाख रुपये है। सभी वस्तुओं के मूल बिल भी महिला को सौंपे गए थे ताकि मुंबई में कोई परेशानी न हो।
विश्वास का दुरुपयोग
शिकायतकर्ता कौसरी राजपूत मुंबई में रहती हैं, जबकि उनके पति उमर राजपूत पिछले लगभग आठ वर्षों से दुबई में कारोबार कर रहे हैं। इसी दौरान उमर राजपूत की पहचान महजबीन मोहम्मद इमरान नामक महिला से हुई थी।
दोनों के बीच गहरा विश्वास बन गया था, जिसके चलते जब भी महजबीन दुबई जाती थी, उमर उसके ठहरने और अन्य व्यवस्थाओं में मदद करते थे। इसी विश्वास के आधार पर उमर ने अपनी पत्नी के लिए खरीदा गया करीब 14.42 लाख रुपये का कीमती सामान महजबीन को मुंबई पहुंचाने के लिए सौंपा था।
घटनाक्रम
30 जून को महजबीन मुंबई हवाई अड्डे पर पहुंची। उसे लेने के लिए कौसरी राजपूत और उनके देवर पहले से ही हवाई अड्डे पर मौजूद थे। हालांकि, महजबीन उनसे मिलने या सामान सौंपने के बजाय चुपचाप हवाई अड्डे से निकल गई।
जब कौसरी ने उसे फोन किया, तो पहले उसने कॉल काट दी और कुछ देर बाद अपना मोबाइल फोन भी बंद कर लिया। कई दिनों तक संपर्क न होने पर कौसरी मुंबई के उपनगर ट्रॉम्बे स्थित महजबीन के घर पहुंचीं, लेकिन वहां भी पता चला कि वह घर नहीं लौटी है।
मेजबिन के साथ यात्रा करने वाले एक अन्य व्यक्ति ने भी पुष्टि की कि पूरा कीमती सामान महजबीन के ही पास था। सभी स्तरों पर तलाश के बावजूद जब महिला का पता नहीं चला और न ही सामान वापस मिला, तब कौसरी ने सहार पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस जांच
जांच के बाद सहार पुलिस ने महजबीन मोहम्मद इमरान के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपी महिला और उसके पास मौजूद लगभग 14.42 लाख रुपये के सामान का पता लगाने के लिए उसकी लोकेशन लगातार ट्रैक कर रही है।

