BREAKING NEWS
2026-08-07

मुरैना के पगारा डेम में ग्वालियर के युवक की डूबने से मौत, SDRF ने दो घंटे में शव बरामद किया

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, मुरैना।

मुरैना जिले के जौरा स्थित पगारा डेम पर बुधवार शाम एक दुखद घटना में ग्वालियर के एक युवक की डूबने से मौत हो गई। वह अपने छह दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने आया था।

Advertisement

पुलिस के अनुसार, ये युवक ग्वालियर के मुरार क्षेत्र से स्कॉर्पियो में पगारा डेम घूमने आए थे। दिनभर डेम क्षेत्र में समय बिताने के बाद शाम करीब 5:30 बजे चार युवक पानी में नहाने उतरे।

नहाने उतरे चार युवकों में से तीन सुरक्षित बाहर निकल आए, लेकिन 30 वर्षीय त्रिलोक गुप्ता तेज बहाव में फंसकर गहरे पानी में डूब गए। उनके दोस्तों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह लापता हो गए।

युवक के डूबने की जानकारी मिलते ही दोस्तों ने शोर मचाया, जिससे आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों ने त्रिलोक गुप्ता की खोजबीन की, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली।

इसके बाद जौरा थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम को सूचना दी गई, जो तत्काल मौके पर पहुंची। अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू अभियान चुनौतीपूर्ण रहा।

एसडीआरएफ की टीम ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद युवक त्रिलोक गुप्ता का शव डेम से बाहर निकाला।

मृतक त्रिलोक गुप्ता ग्वालियर के मुरार क्षेत्र में एक दुकान चलाते थे। इस हादसे की सूचना मिलने पर उनके परिवार में शोक का माहौल है।

पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमॉर्टम कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि युवक किस स्थान पर पानी में उतरा था।