बुलंद सोच, नरसिंहपुर।
जिले के गोटेगांव थाना क्षेत्र में एक जघन्य वारदात सामने आई है। गांव में रहने वाली कक्षा तीसरी की 8 वर्षीय मासूम बच्ची का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म किया गया और फिर बेरहमी से उसकी हत्या कर दी गई।
आरोपी पड़ोसी गिरफ्तार
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात को अंजाम देने वाले 28 वर्षीय पड़ोसी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
घटनाक्रम
बालिका बुधवार को स्कूल गई थी। दोपहर करीब 2:30 बजे पड़ोसी बहला-फुसलाकर अपनी बाइक पर बैठाकर उसे ले गया। शाम 4:30 बजे तक जब बच्ची घर नहीं लौटी, तो चिंतित परिजनों ने उसकी स्कूल में तलाश की, लेकिन वह नहीं मिली। इसके बाद परिजनों ने शाम 5:30 बजे गोटेगांव थाने पहुंचकर मामला दर्ज कराया।
शव बरामद
रात करीब 1:00 बजे गांव से डेढ़ से दो किलोमीटर दूर जंगल में बालिका का अर्धनग्न शव बरामद हुआ। गुरुवार सुबह करीब 7:00 बजे शव को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय जिला अस्पताल भेजा गया, जहां परिजनों और ग्रामीणों का भारी जमावड़ा रहा।
पुलिस जांच
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी डॉ. ऋषिकेश मीणा स्वयं मौके पर पहुंचे और पुलिस टीमों को दिशा-निर्देश दिए। पुलिस अमले ने गांव और आसपास के इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाया। मौके पर जबलपुर से फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। नरसिंहपुर एसपी डॉ. ऋषिकेश मीणा ने बताया कि मामले को चिन्हित श्रेणी में रखकर विवेचना की जा रही है। साक्ष्य मजबूती से जुटाए गए हैं और केस को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाया जाएगा, ताकि आरोपी को जल्द से जल्द कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जा सके।
जनाक्रोश
इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में भारी जनाक्रोश व्याप्त है। परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपी को फांसी की सजा देने की मांग की है।

