बुलंद सोच, मुरैना।
देवगढ़ थाना क्षेत्र के उत्तमपुरा गांव में रविवार-सोमवार की रात 70 वर्षीय विमला पत्नी बाबू सिंह सिकरवार का धारदार हथियार से गला काट दिया गया। बदमाश उनके रोजमर्रा के जेवर लूटकर ले गए। महिला अपने घर में अकेली थी और कुछ दिन पहले ही ग्वालियर से अपने गांव आई थीं।
ग्रामीणों ने सोमवार सुबह घर के आंगन में खटिया पर विमला सिकरवार का शव देखा, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मामले की पड़ताल में जुट गई है और साक्ष्य जुटा रही है।
विमला सिकरवार अपने बेटों और पति के साथ ग्वालियर में रहती थीं। उनके बेटे जितेंद्र और संतोष बस चालक हैं, जबकि एक बेटा टोनी किसी कंपनी में कार्यरत है। विमला ग्वालियर और अपने गांव उत्तमपुरा के बीच आती-जाती रहती थीं।
शव के पास रोजमर्रा के गहने नहीं मिले, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि हत्या लूट के इरादे से की गई है। पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
दो माह पूर्व भी हुई थी ऐसी ही वारदात
देवगढ़ थाना क्षेत्र के भवनपुरा गांव में भी गत 17 मई की रात रामबाई सिकरवार नामक बुजुर्ग महिला पर इसी तरह हमला किया गया था। बदमाशों ने उनके सिर में पत्थर मारकर गहने लूट लिए थे। रामबाई भी अपने घर में अकेली थीं और खेती-बाड़ी के लिए गांव अपने घर आई थीं, उनका परिवार मुरैना में रहता है।
उस घटना में रामबाई की जान बच गई थी, लेकिन वह गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। भवनपुरा गांव उत्तमपुरा से लगभग 3 किलोमीटर दूर स्थित है। अब भवनपुरा से 3 किलोमीटर दूर उत्तमपुरा में अकेली बुजुर्ग महिला की हत्या की गई है।

