बुलंद सोच, नरसिंहपुर।
शहर के सतीश टॉकीज के सामने स्थित जनपद परिसर में संचालित न्यू आनंद मेले में झूला बंद हो जाने के कारण दो बच्चे कुछ समय के लिए ऊंचाई पर ही फंस गए।
रिपटापार निवासी 13 वर्षीय अर्पित राय अपने 15 वर्षीय साथी राम के साथ बड़े झूले पर बैठा था।
अचानक तेज बारिश प्रारंभ हो गई जब बच्चे झूले के ऊपरी हिस्से पर थे, उसी दौरान झूला कर्मचारियों ने बारिश को देखते हुए झूले का संचालन बंद कर दिया, जिसके कारण दोनों बच्चे ऊंचाई पर ही रुके रहे।
तेज बारिश के दौरान अचानक झूला रोके जाने से बच्चों के परिजनों और उपस्थित लोगों में चिंता का माहौल निर्मित हो गया।
काफी देर तक नीचे न उतारे जाने पर अर्पित ने अपने मामा राजा राय को फोन कर घटना की जानकारी दी।
इस दौरान झूला संचालक ने बच्चों को सुरक्षित नीचे उतारा।
सुरक्षा मानकों पर चिंता
मेले में आपातकालीन स्थितियों से निपटने और सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर चिंता जताई गई है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से आग्रह किया है कि मेले में झूलों के सुरक्षित संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएं।
पीड़ित बच्चों के मामा ने कहा कि मेले में मुख्य रूप से छोटे-छोटे बच्चे ही आते हैं, इसलिए मेला समिति को सुरक्षा व्यवस्था का विशेष ध्यान रखना चाहिए।
लापरवाही पर कार्रवाई का आश्वासन
मेला समिति के जिम्मेदारों का कहना है कि बच्चे इतनी देर तक ऊंचाई पर फंसे रहे, यह बहुत बड़ी लापरवाही है।
संबंधित गैर-जिम्मेदार कर्मचारी पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
