बुलंद सोच, नरसिंहपुर।
मंगलवार देर रात नेशनल हाईवे 44 (NH-44) पर स्टेशनगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत डांगीढाना ओवरब्रिज के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने स्कूटर सवार एक युवक को जोरदार टक्कर मार दी।
इस हादसे में युवक की अस्पताल पहुंचने पर मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी चालक अपने वाहन समेत अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
मृतक की पहचान ग्राम मुरली पौंडी निवासी 39 वर्षीय लखन मेहरा (पिता भागचंद मेहरा) के रूप में हुई है, जो सहजपुरा स्थित गौशाला में काम करते थे।
मंगलवार रात को ड्यूटी खत्म करने के बाद लखन मेहरा अपने एक साथी को छोड़ने मोपेड से डांगीढाना आए थे। साथी को छोड़ने के बाद रात करीब 10:30 बजे वे अपने गांव मुरली पौंडी लौट रहे थे, तभी डांगीढाना ओवरब्रिज के पास यह दुर्घटना हुई।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल लखन मेहरा को शासकीय जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बुधवार सुबह अस्पताल पुलिस चौकी ने परिजनों की मौजूदगी में शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम कराया और पार्थिव देह परिजनों को सौंप दी। अस्पताल चौकी पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए मर्ग डायरी स्टेशनगंज थाना भेजी जा रही है, जिसके आधार पर फरार वाहन और चालक की तलाश की जाएगी।

