बुलंद सोच, भोपाल।
मध्य प्रदेश के सरकारी और निजी मेडिकल एवं डेंटल कालेजों में एमबीबीएस और बीडीएस में दाखिले के लिए नीट यूजी-2026 की काउंसलिंग का टेंटेटिव शेड्यूल जारी कर दिया गया है। चिकित्सा शिक्षा आयुक्त कार्यालय ने पहले राउंड का कार्यक्रम जारी किया है। इसके साथ ही प्रवेश नियमों को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया भी चल रही है।
पंजीकरण प्रक्रिया
काउंसलिंग में शामिल होने के लिए अभ्यर्थी पांच अगस्त से 13 अगस्त रात 11:59 बजे तक एमपी आनलाइन के डीएमई पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे।
सीट मैट्रिक्स जारी होगी
सीट मैट्रिक्स 11 अगस्त को जारी होगी। इस पर 12 अगस्त शाम पांच बजे तक आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। आपत्तियों के निराकरण के बाद 13 अगस्त को अंतिम सीट मैट्रिक्स जारी की जाएगी।
स्टेट मेरिट लिस्ट और कॉलेज वरीयता
स्टेट मेरिट लिस्ट 14 अगस्त को आएगी। इसके बाद मध्य प्रदेश के मूल निवासी अभ्यर्थी 15 से 18 अगस्त तक कालेजों की पसंद भरकर उसे लाक कर सकेंगे।
सीट अलॉटमेंट और प्रवेश
पहले राउंड का सीट अलाटमेंट रिजल्ट 20 अगस्त को जारी होगा। सीट मिलने के बाद अभ्यर्थियों को 21 से 27 अगस्त शाम छह बजे तक संबंधित कालेज पहुंचकर दस्तावेज सत्यापन और प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
अपग्रेडेशन विकल्प अनिवार्य
कालेज में प्रवेश के दौरान अभ्यर्थियों को अपग्रेडेशन (यश और नो) का विकल्प चुनना अनिवार्य होगा। यह विकल्प नहीं चुनने पर एडमिशन स्लिप जारी नहीं होगी। अभ्यर्थी 27 अगस्त रात 11:55 बजे तक लागिन के जरिए अपग्रेडेशन विकल्प में बदलाव कर सकेंगे।
विभाग की सलाह
विभाग ने अभ्यर्थियों को समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने और पोर्टल पर लगातार अपडेट देखते रहने की सलाह दी है।
दिव्यांग कोटे की सीटें
नीट यूजी 2026 एडमिशन अलर्ट के तहत, बिना पात्रता प्रमाण पत्र के पोर्टल पर दिव्यांग कोटे की सीटें नहीं दिखेंगी।

