BREAKING NEWS
2026-07-29

निशांतपुरा स्टेशन शुरू होने को तैयार, लोकार्पण और ठहराव पर विरोधाभास

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भोपाल।

भोपाल मंडल का निशांतपुरा रेलवे स्टेशन लंबे इंतजार के बाद शुरू होने को तैयार है। हालांकि, इसकी औपचारिकता लोकार्पण और ठहराव जैसे तकनीकी शब्दों में उलझती दिख रही है। सांसद आलोक शर्मा ने कहा है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंगलवार शाम 4:30 बजे स्टेशन का लोकार्पण करेंगे। वहीं, रेलवे अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि 28 जुलाई को लोकार्पण नहीं, केवल मालवा एक्सप्रेस और सोमनाथ-जबलपुर एक्सप्रेस का ठहराव यहां दिया जाएगा।

Advertisement

तीन साल बाद खुल रहा स्टेशन

यह स्टेशन जून 2023 में बनकर तैयार हो गया था, लेकिन सभी आधारभूत सुविधाएं होने के बावजूद करीब तीन वर्षों तक यात्री सेवाएं शुरू नहीं हो सकी थीं। अब यह स्टेशन यात्रियों के लिए खोला जा रहा है और इसके साथ ही यह भोपाल का चौथा रेलवे स्टेशन बन जाएगा।

ट्रेनों का ठहराव और दबाव में कमी

प्रारंभिक चरण में मालवा एक्सप्रेस और सोमनाथ-जबलपुर एक्सप्रेस का स्टापेज निशांतपुरा स्टेशन पर रहेगा, जबकि भोपाल स्टेशन से उनका ठहराव समाप्त कर दिया जाएगा। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, निशांतपुरा रेलवे स्टेशन के शुरू होने से भोपाल रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों और यात्रियों का दबाव कम होगा। वर्तमान में भोपाल स्टेशन से प्रतिदिन करीब 230 ट्रेनें गुजरती हैं और लगभग 45 हजार यात्री आवाजाही करते हैं। मालवा एक्सप्रेस सहित कुछ ट्रेनों का ठहराव निशांतपुरा होने से सुबह-शाम परिचालन अधिक सुगम होगा, जिससे आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी।

अन्य ट्रेनों को मिलेगा हाल्ट

निशांतपुरा स्टेशन पर इंदौर–बरेली एक्सप्रेस, डॉ. अंबेडकर नगर–प्रयागराज जंक्शन एक्सप्रेस, इंदौर–हरिद्वार एक्सप्रेस, अहमदाबाद–पटना एक्सप्रेस, भोपाल–बीना मेमू और इंदौर–राजेंद्र नगर एक्सप्रेस को भी हाल्ट मिलेगा।

स्टेशन की श्रेणी में बदलाव

निशांतपुरा स्टेशन को अब एनएसजी-3 (नान-सबअर्बन ग्रेड-3) श्रेणी में शामिल किया गया है। इसके तहत पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम समेत यात्री सुविधाओं को अपग्रेड किया जा रहा है। इससे पहले निशांतपुरा स्टेशन सी कैटेगरी में शामिल था। नवंबर 2017 में रेलवे ने स्टेशनों का वर्गीकरण यात्रियों की संख्या के आधार पर संशोधित किया था।