BREAKING NEWS
2026-07-31

बैंककर्मी पलक काशिव हत्याकांड: प्रेमी मयंक शाक्य ने कबूला, डबरा से लाया था पेट्रोल

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, इंदौर।

बैंककर्मी पलक काशिव की हत्या के आरोपित मयंक शाक्य ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। आरोपित हत्या के इरादे से ही आया था और डबरा से अपने बैग में पेट्रोल लेकर आया था। पुलिस ने बुधवार को मयंक को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया है।

Advertisement

इंदौर के तपेश्वरी बाग (खजराना) निवासी 26 वर्षीय पलक काशिव का शव रविवार को उनके घर में अधजली अवस्था में मिला था। पुलिस ने सोमवार रात उसके प्रेमी मयंक पुत्र किशनलाल शाक्य को पकड़ा, जो चिनोर रोड डबरा (ग्वालियर) का निवासी है।

आरोपित मयंक शाक्य इलेक्ट्रिशियन है और उसने पूछताछ में बताया कि वह सिंगिग ऐप ‘स्टार मेकर्स’ पर गाने गाता है। उसका परिचय 2021 में इसी ऐप पर पलक से हुआ था, जिसके बाद दोनों में दोस्ती हो गई थी। पलक अपनी पढ़ाई के साथ आईसीआईसीआई बैंक में नौकरी कर रही थी।

मयंक ने पुलिस को बताया कि अचानक पलक का व्यवहार बदल गया था। उसने मई में मयंक को ब्लॉक कर दिया और बातचीत बंद कर दी थी। इसके बाद मयंक के मन में हत्या का विचार आया और वह डबरा से ही पेट्रोल की बोतल लेकर निकला था।

घटना के दिन दोनों ने बातचीत की और सराफा चौपाटी पर खाने-पीने गए। कमरे पर आकर मयंक ने पलक से शादी के बारे में पूछा तो पलक ने इनकार कर दिया। पलक ने कहा कि उसके पिता राधेश्याम ने उसके लिए लड़का देख लिया है और वह अपने माता-पिता की पसंद से ही शादी करेगी।

पलक के इनकार करने पर मयंक भड़क गया और उसने पलक को जमीन पर पटक दिया। मयंक ने मुंह दबाकर पलक की हत्या की और उसके शरीर के ऊपरी हिस्से पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। हत्या के बाद मयंक ने खुद सब्जी काटी और शव को किचन में गैस चूल्हे के पास पटक दिया। उसने बर्नर निकालकर घटना को हादसा दर्शाने का प्रयास किया।

टीआई मनोज सेंधव के अनुसार, आरोपित ने जले हुए कपड़े एक बैग में रखे और वहां से फरार हो गया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और हत्याकांड की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं।