BREAKING NEWS
2026-08-01

नशे में पिता ने 10 वर्षीय बेटे को मोटरसाइकिल से घसीटा; बाल कल्याण समिति ने बच्चों को बाल गृह भेजा

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, गंजबासौदा।

गंजबासौदा के ग्राम पड़रिया शिवरामपुर में चार दिन पहले एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। यहां एक पिता ने शराब के नशे में अपने दस वर्षीय बेटे के हाथ-पैर बांधकर उसे मोटरसाइकिल से घसीटा, जिससे बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।
ग्रामीणों ने बच्चे को घसीटते हुए देखा और तुरंत बीच-बचाव कर उसे बचाया। यह घटना 26 जुलाई की रात की है, जब गांव में ही घर की अलमारी टूटने पर नशे में धुत पिता ने बच्चे के साथ यह क्रूरता की।

Advertisement

पुलिस एवं बाल कल्याण समिति की कार्रवाई

सूचना मिलने पर सरपंच लक्ष्मण सिंह दांगी मौके पर पहुंचे और घायल बच्चे सहित अन्य बच्चों को अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद अंबानगर पुलिस चौकी और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 को सूचित किया गया।
बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) ने इस मामले में पीड़ित बच्चे सहित उसके चारों भाई-बहनों को सुरक्षित आश्रय के लिए भोपाल स्थित बाल गृह भेज दिया है। आरोपी पिता के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है।
सत्यार्थी मूवमेंट फॉर ग्लोबल कम्पैशन के कार्यकर्ताओं ने भी मामले की जानकारी मिलने पर बच्चों की सुरक्षा प्रक्रिया शुरू कराई। अगले दिन बच्चों को बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया जाना था, लेकिन उनकी दादी उन्हें अपने साथ ले गईं। बाद में सरपंच ने बच्चों को सुरक्षित तलाश कर अपने संरक्षण में रखा।
इसके बाद सामाजिक कार्यकर्ताओं की मदद से चारों बच्चों को विदिशा ले जाकर बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया। समिति के निर्देश पर बच्चों का मेडिकल परीक्षण और काउंसलिंग कराई गई, जिसके बाद उन्हें सुरक्षित बाल गृह, भोपाल भेज दिया गया।

ग्रामीण आक्रोश एवं आरोप

सरपंच लक्ष्मण सिंह दांगी ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने आरोपी को छोड़ दिया है और वह गांव में कुल्हाड़ी लेकर खुलेआम घूमते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी लंबे समय से नशे का आदी है और पहले भी बच्चों के साथ मारपीट व प्रताड़ना करता रहा है। घटना सामने आने के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है।