बुलंद सोच, रतलाम।
रतलाम के औद्योगिक क्षेत्र थाना क्षेत्र की ऋद्धि-सिद्धि एवेन्यू कॉलोनी में 20 जुलाई को एक छात्र के सूने मकान में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। शुरुआती जांच में पुलिस इसे क्षेत्र में सक्रिय चड्डी-बनियान गैंग की वारदात मान रही थी, लेकिन सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के बाद मामला अलग निकला। पुलिस ने राजेंद्र नगर निवासी दीपक उर्फ मागा को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की गई गुल्लक और उसमें रखे करीब चार हजार रुपये बरामद किए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
थाना प्रभारी गायत्री सोनी ने बताया कि कॉलोनी में चड्डी-बनियान पहनकर घूमते तीन संदिग्धों का वीडियो घटना स्थल से अलग हिस्से का था और उनका इस चोरी से कोई संबंध नहीं मिला। बाद में, फरियादी के घर के समीप लगे कैमरों की फुटेज खंगालने पर 28 वर्षीय आरोपी दीपक उर्फ मागा पुत्र रामा गोयल की पहचान हुई।
पूछताछ में दीपक ने बताया कि वह नशे की जरूरत पूरी करने के लिए छोटी-मोटी चोरियां करता है। घटना वाले दिन वह रात करीब तीन से पांच बजे के बीच सूने मकान में घुसा था। चोरी के बाद उसने गुल्लक अपने घर में ही छिपाकर रख दी थी। दीपक पिछले करीब दस वर्षों से छोटी-मोटी चोरियों को अंजाम देता रहा है। अधिकांश मामलों में नुकसान कम होने के कारण पीड़ित पुलिस तक नहीं पहुंचते थे। पुलिस कॉलोनी के दूसरे हिस्से में चड्डी-बनियान पहनकर घूमते संदिग्धों की भी अलग से तलाश कर रही है।
