BREAKING NEWS
2026-08-03

रतलाम में पति ने पत्नी की गला रेतकर हत्या की, आरोपी हिरासत में

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, रतलाम।

रतलाम के माणक चौक थाना क्षेत्र के सोनार बावड़ी इलाके में रविवार सुबह करीब 11 बजे एक पति ने अपनी पत्नी की गला रेतकर हत्या कर दी। मृतका की पहचान 32 वर्षीय रुकैया के रूप में हुई है, जबकि आरोपित पति 35 वर्षीय असगर अली को पुलिस ने मौके से हिरासत में ले लिया है।

Advertisement

महिला की चीख सुनकर मृतका का बड़ा भाई मुस्तफा पड़ोसियों के साथ घर के अंदर पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घर के कमरे में बिस्तर पर रुकैया लहूलुहान अवस्था में पड़ी थी और आरोपित असगर अली उसकी छाती पर बैठकर धारदार हथियार से उसका गला रेत रहा था।

लोगों ने आरोपित को रोकने का प्रयास किया, तो वह उनकी ओर भी आक्रामक हो गया। इसके बाद सभी घर से बाहर निकल आए और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही माणक चौक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपित को हिरासत में ले लिया। एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।

मृतका अपने पीछे दो वर्षीय पुत्र और सात वर्षीय पुत्री को छोड़ गई है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई, जिसके बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और बोहरा समाज के सदस्य मौके पर एकत्रित हो गए।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हत्या के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हुआ है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान ने बताया कि घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए गए हैं तथा आरोपित से पूछताछ के बाद हत्या के कारण स्पष्ट हो सकेंगे।