BREAKING NEWS
2026-08-03

मुरैना में ट्रांसजेंडर प्रोटेक्शन सेल का गठन, एसपी धर्मराज मीणा अध्यक्ष

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, मुरैना।

मुरैना जिले में ट्रांसजेंडर समुदाय के अधिकारों की सुरक्षा तथा भेदभाव और उत्पीड़न से जुड़े मामलों के त्वरित निराकरण के लिए ट्रांसजेंडर प्रोटेक्शन सेल का गठन किया गया है। कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ ने इसके गठन के आदेश जारी किए हैं।

Advertisement

यह सेल ट्रांसजेंडर व्यक्तियों की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करेगी। साथ ही, यह उन्हें शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने और पहचान प्रमाण-पत्र बनवाने में भी सहयोग करेगी।

इस सेल का गठन केंद्र सरकार के ट्रांसजेंडर व्यक्ति (अधिकारों का संरक्षण) अधिनियम-2019 तथा नियम-2021 के प्रविधानों के तहत किया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य ट्रांसजेंडर समुदाय को सम्मानजनक, सुरक्षित और समान अवसर उपलब्ध कराना है।

जारी आदेशों के अनुसार, पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा को इस सेल का अध्यक्ष बनाया गया है। उप संचालक, सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग को सचिव-सदस्य नियुक्त किया गया है। इसके अतिरिक्त, जिला शिक्षा अधिकारी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी (महिला एवं बाल विकास), जिला खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति अधिकारी, महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, कानूनी सलाहकार और ट्रांसजेंडर समुदाय की प्रतिनिधि नेहा किन्नर को सदस्य बनाया गया है।

सेल की प्रमुख जिम्मेदारियों में ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करना, भेदभाव एवं उत्पीड़न संबंधी शिकायतों का पंजीयन कर उनका त्वरित निराकरण कराना, पहचान प्रमाण-पत्र और परिचय-पत्र बनवाने में सहायता देना तथा पात्र हितग्राहियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना शामिल है। इसके साथ ही, सेल पुलिस, विभिन्न विभागों और आम नागरिकों के बीच जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर ट्रांसजेंडर समुदाय के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने का कार्य भी करेगी।

मुरैना कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ ने बताया कि इस सेल के गठन से ट्रांसजेंडर समुदाय को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए एक प्रभावी मंच मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि इससे समाज में समानता, सम्मान और गरिमा की भावना को बढ़ावा मिलेगा तथा समुदाय के लिए अधिक सुरक्षित और समावेशी वातावरण तैयार करने में मदद मिलेगी।