BREAKING NEWS

सांसद बंटी विवेक साहू ने रेल मंत्री से की मुलाकात, टाटानगर-इतवारी एक्सप्रेस को छिंदवाड़ा तक बढ़ाने की मांग

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, छिंदवाड़ा।

छिंदवाड़ा सांसद बंटी विवेक साहू ने लोकसभा के मानसून सत्र के दौरान रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने रेल सुविधाओं की मांग पत्र पर मंत्री से चर्चा की।
सांसद ने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत छिंदवाड़ा और जुन्नारदेव रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास कार्यों के लिए रेल मंत्री का आभार व्यक्त किया।
सांसद ने क्षेत्र के समग्र रेल विकास के लिए सकारात्मक सहयोग का आग्रह किया, जिस पर रेल मंत्री ने हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

Advertisement

प्रमुख रेल सुविधाओं की मांगें

सांसद ने छिंदवाड़ा से आमला तक डबल ट्रैक की मांग की और नरसिंहपुर होते हुए सागर तक रेलवे लाइन की स्वीकृति की भी अपील की।
उन्होंने दादाधाम एक्सप्रेस को पुनः प्रारंभ करने का निवेदन किया, जो खंडवा जाने के लिए एकमात्र विकल्प थी।
सांसद ने रेल मंत्री को बताया कि टाटानगर-इतवारी एक्सप्रेस सुबह 5 बजे इतवारी स्टेशन पहुंचती है और 17 घंटे 5 मिनट रुककर रात 12:05 पर लौटती है।
उन्होंने सुझाव दिया कि नागपुर में खड़े रैकों का सदुपयोग करने के लिए इस गाड़ी को छिंदवाड़ा तक बढ़ाया जाए, जिससे जिलेवासियों को नागपुर, रायपुर, टाटानगर और कोलकाता तक रेल से आवागमन की सुविधा मिलेगी।
सांसद ने दादाधाम एक्सप्रेस को पुनः नागपुर से खंडवा-भुसावल के लिए चलाने की मांग की, जो कोरोना पूर्व में चलती थी। उन्होंने परासिया रेलवे स्टेशन को अमृत भारत योजना में शामिल करने का निवेदन भी किया।
सांसद ने रेल मंत्री को अवगत कराया कि छिंदवाड़ा-नरसिंहपुर-सागर तक रेलवे लाइन के पुनरीक्षित सर्वे की घोषणा बजट भाषण में की गई थी और इस परियोजना का कार्य शीघ्र प्रारंभ करने का आग्रह किया।
सांसद ने पांढुर्णा से सौंसर तक नई रेलवे लाइन के प्रस्तावित सर्वे की जानकारी दी। उन्होंने लखनऊ-जबलपुर के बीच चलने वाली चित्रकूट एक्सप्रेस को छिंदवाड़ा तक चलाने की बात कही, जिससे यात्रियों को उत्तर प्रदेश के प्रमुख स्थलों पर पहुंचने में सुविधा होगी।
सांसद ने पांढुर्णा में पूर्ववत सवारी गाड़ियों के स्टापेज को पुनः प्रारंभ करने की मांग की, जिसमें अंडमान एक्सप्रेस, गोरखपुर एक्सप्रेस, चेन्नई एक्सप्रेस और राप्तिसागर एक्सप्रेस शामिल हैं।