बुलंद सोच, सतना।
सतना जिले के नागौद थाना क्षेत्र में एक चार वर्षीय बच्ची से कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में एक पचपन वर्षीय बुजुर्ग को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
आरोप है कि पचपन वर्षीय पड़ोसी ने बच्ची को कुरकुरे दिलाने का लालच देकर अपने साथ ले गया और उसके साथ कथित रूप से दुष्कर्म किया। यह घटना 29 जुलाई को दोपहर करीब 12 बजे हुई बताई जा रही है।
घटना की शिकायत बच्ची की मां ने 1 अगस्त की रात करीब 1:35 बजे नागौद थाने में दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपित पड़ोसी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 65(2) और पॉक्सो अधिनियम की धारा 3 एवं 4(2) के तहत मामला दर्ज किया है।
पीड़ित मासूम को उसके स्वजनों के साथ बाल संरक्षण समिति भेजा गया, जहां उसके बयान दर्ज किए गए। इसके बाद पीड़िता को मेडिकल परीक्षण और उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपित से पूछताछ जारी है।
जिले में पूर्व में भी हुईं ऐसी घटनाएं
1 जुलाई 2018 को उचेहरा थाना क्षेत्र के पन्ना गांव में चार साल की बच्ची का घर से अपहरण कर दुष्कर्म किया गया था। बाद में उसे सुनसान इलाके में फेंक दिया गया था। बच्ची को बेहतर इलाज के लिए दिल्ली एम्स रेफर किया गया था और एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर बीएनएस/376 और पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज किया गया था।
वर्ष 2018 में ही उचेहरा थाना के परसमनिया पठार क्षेत्र में आंगन में सो रही चार साल की बच्ची को आरोपित महेंद्र सिंह (23) ले गया था। दुष्कर्म के बाद उसने बच्ची को गंभीर हालत में निर्जन स्थान पर फेंक दिया था। गांव वालों ने आरोपित को पकड़कर पुलिस को सौंपा था।
20 मार्च 2025 को कोलगवां थाना क्षेत्र की सोनौरा कॉलोनी में 2.5 साल की मासूम के साथ दुष्कर्म हुआ था। आरोपित आकाश सोनी पड़ोस में रहता था और उसने बच्ची को घर ले जाकर हैवानियत की थी। बच्ची के प्राइवेट पार्ट में डंडा डालने की भी शिकायत की गई थी, जिसके बाद आरोपित को हिरासत में लिया गया और बीएनएस धारा 65(2) और पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज किया गया।
24 जनवरी 2024 को सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पांच वर्षीय मासूम के साथ दुष्कर्म हुआ था। आरोपित निखिल मिश्रा ने टॉफी देने का झांसा देकर बच्ची को ले जाकर अश्लील हरकतें की थीं। विशेष कोर्ट ने उसे 20 साल कठोर कारावास और 50 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई थी।
19 अगस्त 2024 को सिविल लाइन थाना क्षेत्र में साढ़े चार साल की बच्ची के साथ ऑटो ड्राइवर राजकुमार दाहिया ने दुष्कर्म किया था। बच्ची स्कूल से घर लौट रही थी और उसने दो दिन बाद परिजनों को घटना के बारे में बताया था। आरोपित को गिरफ्तार कर पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज किया गया था।

