बुलंद सोच, मैहर।

काशी एक्सप्रेस (15018) में चलती ट्रेन से एक यात्री का मोबाइल छीनने की घटना सामने आई है। मानिकपुर स्टेशन पार करने के बाद डबरा के पास ट्रैक किनारे खड़े एक व्यक्ति ने ट्रेन के बाहर से लोहे की रॉड मारकर यात्री का मोबाइल छीन लिया।
वाराणसी निवासी पवन (24), पिता इंसाफ, अपने साथी राहुल पाल के साथ मैहर दर्शन के लिए आ रहे थे।
शनिवार शाम करीब 6 बजे मानिकपुर स्टेशन पार करने के बाद डबरा के पास अचानक ट्रैक किनारे खड़े आरोपी ने ट्रेन की ओर लोहे की रॉड से हमला किया। यह रॉड पवन के हाथ में लगी और इसी दौरान आरोपी उसका मोबाइल छीनकर मौके से फरार हो गया। इस घटना में पवन के हाथ की दो उंगलियां घायल हो गईं।
मैहर पहुंचने के बाद उसके साथी राहुल पाल ने पवन को उपचार के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज किया गया।
पीड़ित पवन ने मैहर पहुंचकर जीआरपी थाने में घटना की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जीआरपी घटना स्थल और आसपास के क्षेत्र की जानकारी जुटाकर आरोपी की पहचान और तलाश में जुटी है।
चलती ट्रेन में इस तरह हुई मोबाइल छीनने की घटना से यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

