BREAKING NEWS
2026-08-06

शहडोल: पुरानी रंजिश में चाचा-भतीजे पर ट्रैक्टर चढ़ाया, एक की मौत

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, शहडोल।

शहडोल जिले के देवलोंद थाना क्षेत्र के ग्राम धरी नंबर-01 में पुरानी रंजिश ने खूनी रूप ले लिया। पुलिस के अनुसार, गांव में कुछ समय से चले आ रहे विवाद के चलते आरोपितों ने रविवार को घर के सामने बैठे चाचा-भतीजे पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया।

Advertisement

इस वारदात में 45 वर्षीय रामप्रताप कोरी नामक चाचा की गंभीर चोटों के कारण मौत हो गई। उनके भतीजे दुर्गा कोरी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए बाणसागर परियोजना चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है और उनका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही देवलोंद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया।

वारदात के बाद अस्पताल और गांव में तनाव की स्थिति बन गई, जिसके चलते बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। एहतियात के तौर पर पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है।

मृतक के परिजनों का आरोप है कि यह हादसा नहीं, बल्कि पुरानी रंजिश के चलते की गई एक सुनियोजित वारदात है।

पुलिस अधीक्षक संजय कुमार अग्रवाल ने जानकारी दी कि मामले में आरोपित आकाश बैस और मयंक कोरी के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।

दोनों आरोपित घटना के बाद से फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

पुलिस द्वारा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। फिलहाल गांव में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति न बने।