बुलंद सोच, शाजापुर।
सिरोलिया रेलवे स्टेशन के पास सोमवार को एक निजी स्कूल के शिक्षक ने ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपित युवक को हिरासत में लिया है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई थी।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान ग्राम सिरोलिया निवासी सतीश पिता मणिशंकर जोशी के रूप में हुई है।
आत्महत्या से पहले सतीश जोशी ने सोशल मीडिया पर एक संदेश छोड़ा था, जिसमें उन्होंने पिछले दो माह से मानसिक रूप से परेशान होने की बात कही थी।
अपने संदेश में, उन्होंने गांव के कुछ युवकों पर उनके संबंध में गलत अफवाहें फैलाने का आरोप लगाया था, जिससे वे अत्यधिक तनाव में थे।
अंतिम संदेश में, सतीश जोशी ने लिखा था कि वे पूरी तरह होश में यह कदम उठा रहे हैं और उन्होंने कथित जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए सभी से क्षमा याचना कर अंतिम प्रणाम किया था।
घटना के उपरांत पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ की।
मक्सी थाना प्रभारी मदन इवने ने बताया कि परिजनों के बयान और इंटरनेट मीडिया पर वायरल पोस्ट के आधार पर मामले की गंभीरता से जांच की गई।
जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने सिरोलिया निवासी दीपक पाटीदार उर्फ कालू पिता सत्यनारायण पाटीदार को हिरासत में लिया है।
दीपक पाटीदार के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है और उससे पूछताछ जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी मदन इवने के नेतृत्व में उप निरीक्षक तके सिंह डोलिया, सहायक उप निरीक्षक संजय तंवर, प्रधान आरक्षक रामेश्वर जाटव, राजेश पटेल, हिरदेश दांगी, कन्हैयालाल तथा आरक्षक चंद्रशेखर जाट शामिल रहे।
पुलिस ने कहा है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
